मरवाही के पंचायत सचिव की संदिग्ध मौत
अनूपपुर में पेड़ पर लटकता मिला शव
धमकी मिलने की बात आई सामने
बिलासपुर/जीपीएम।जिले के एक पंचायत सचिव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव रविवार को अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। मृतक की पहचान मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम परासी निवासी राजेश सुमन (35 वर्ष) के रुप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, राजेश सुमन शुक्रवार की शाम अपने मामा के गांव दारसागर गए थे। रविवार को ग्रामीणों ने उनका शव पेड़ से लटकता देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर भालूमाड़ा और मरवाही थाना पुलिस पहुंची। शव को फंदे से उतारकर पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्यवाही के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि राजेश को कुछ समय से लगातार धमकियां मिल रही थीं, जिसके चलते वह परेशान चल रहे थे। इसी कड़ी में उनकी मौत को लेकर तरह-तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामवासियों और सचिव संघ ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। राजेश सुमन को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार भी मिल चुका था। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास रही है कि मामला आत्महत्या का है या इसमें कोई और कोई बात है।