Blog

मरवाही में दंतैल हाथी का आतंक,महुआ बीनने गए बुजुर्ग की कुचलकर मौत

ग्रामीणों में दहशत

बिलासपुर। जीपीएम
/वन मंडल में शुक्रवार सुबह एक दंतैल हाथी के हमले में 55 वर्षीय वृद्ध त्रिलोचन सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना शिवनी बीट अंतर्गत ग्राम पंचायत पोंडी के डडिया गांव से लगे जंगल में सुबह करीब 4 बजे हुई, जब वे महुआ बीनने गए थे। मृतक त्रिलोचन सिंह, पिता अंगद सिंह, डडियाडोंगरी जंगल में अकेले महुआ फल एकत्र कर रहे थे। इसी दौरान दो दांत वाले एक नर हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम, शिवनी बीट के वनरक्षक शाहिद खान और ग्राम पंचायत पोंडी के सरपंच हेमचंद मरावी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। मरवाही थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
हमलावर दंतैल हाथी अभी भी शिवनी बीट के कक्ष क्रमांक 2093 के आसपास डेरा जमाए हुए है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण जंगल की ओर जाने से कतरा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, यह हाथी पिछले कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की सीमा पर विचरण कर रहा था। 1 अप्रैल को यह कटघोरा वन मंडल से मरवाही पहुंचा और सोन नदी बांध के रास्ते डडिया के जंगलों में दाखिल हुआ।

वन विभाग अलर्ट

वन विभाग की टीम हाथी की निगरानी कर रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि वे अकेले जंगल न जाएं और हाथी की गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *