महतारी वंदन योजना: छूटी हुई महिलाओं को फिर मिलेगा मौका, 15 अगस्त से 31 अगस्त तक होंगे आवेदन, अक्टूबर से आ सकते हैं पैसे…!

छत्तीसगढ़ सरकार की फ्लैगशिप महतारी वंदन योजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। लंबे समय से आवेदन का इंतजार कर रही महिलाओं के लिए खुशखबरी है—बस्तर जिले की छूटी हुई पात्र महिलाओं को फिर से आवेदन का मौका दिया जा रहा है। आवेदन प्रक्रिया 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस से शुरू होगी और 31 अगस्त तक चलेगी।
यह अवसर सिर्फ बस्तर जिले के नेल्लानार योजना से जुड़े गांवों की छूटी हुई पात्र विवाहित महिलाओं के लिए होगा। अन्य जिलों और संभागों में रहने वाली महिलाओं को फिलहाल इस चरण में आवेदन का मौका नहीं मिलेगा।
सरकारी जानकारी के अनुसार, 1 सितंबर से 15 सितंबर तक सेक्टर से लेकर जिला स्तर पर आवेदनों का वेरिफिकेशन होगा, जबकि 16 से 25 सितंबर के बीच इन्हें वेबपोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। संभावना है कि अक्टूबर 2025 से नए पात्र आवेदकों के बैंक खातों में ₹1000 प्रतिमाह की वित्तीय सहायता जमा होनी शुरू हो जाएगी।
योजना का उद्देश्य
महतारी वंदन योजना का लक्ष्य महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देना, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार करना और परिवार में उनकी निर्णायक भूमिका को मजबूत करना है। इसके तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रति माह ₹1000 की वित्तीय सहायता दी जाती है।
जरूरी दस्तावेज
आधार कार्ड
UIDAI फोटो आईडी
मोबाइल नंबर
महिला के स्वयं के आधार-लिंक्ड, डीबीटी सक्रिय बैंक खाता (संयुक्त खाता मान्य नहीं)
वहीं, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि बाकी जिलों की छूटी हुई महिलाओं के आवेदन कब लिए जाएंगे। सरकार का कहना है कि फिलहाल यह चरण बस्तर के लिए है और आगे अन्य जिलों के लिए भी प्रक्रिया चलाई जाएगी।