क्रेड़ा के चेयरमेन भूपेंद्र सवन्नी पर लगा कमीशन मांगने का आरोप….मुख्यमंत्री से हुई शिकायत,सचिवालय ने मांगी रिपोर्ट…सवन्नी बोले,मेरे ऊपर लगाए गए आरोप झूठे और बेबुनियाद

बिलासपुर। क्रेडा के चेयरमैन भूपेन्द्र सवन्नी पर कमीशन मांगने का आरोप लगा है। मुख्यमंत्री को कुछ वेंडरों ने तीन फीसदी कमीशन देने के लिए दबाव बनाने की शिकायत की है। मुख्यमंत्री सचिवालय ने शिकायत को गंभीरता से लिया है, और ऊर्जा सचिव से रिपोर्ट मांगी है।
दरअसल क्रेड़ा के चेयरमेन भूपेंद्र सवन्नी का नाम एक मामले में सामने आया है। उन पर वेंडरों से 3 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को क्रेडा के वेंडर सुरेश कुमार समेत कई अन्य वेंडरों ने शिकायत की है। शिकायत में बताया कि हम सभी क्रेडा में विगत कई सालों से वेंडर के तौर पर कार्य कर रहे हैं। विभाग की ओर से समय समय पर जो टेंडर जारी होता है उस टेंडर में हम भाग लेते हैं और हमें विभाग से कार्य आबंटित किया जाता है। जिसके बाद हम क्रेडा के विभिन्न परियोजनाओं के तहत फील्ड में जाकर कार्य करते हैं और सोलर सिस्टम लगाते हैं। वेंडरों ने अपने शिकायत में कहा है कि जहां एक तरफ प्रदेश में सुशासन का दावा किया जा रहा है। दूसरी तरफ सुशासन पर ग्रहण लगाने के लिए क्रेडा के नवनियुक्त अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी पिछले कुछ दिनों से उन्हें परेशान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जितने का कार्य पूर्व में उनके पदभार ग्रहण के पहले आबंटित हुआ है और जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं उसका 3 फीसदी कमीशन देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। सवन्नी यह दबाव क्रेडा कार्यालय में पदस्थ अपने निज सहायक वैभव दुबे के माध्यम से बना रहे है। कमीशन नहीं देने पर किसी भी कारण का उल्लेख कर या कार्यों की जांच करा कर नोटिस दिलवाने और ब्लैक लिस्टेड करने की धमकी दी जा रही है। लगातार हमें प्रताडि़त किया जा रहा है जिससे हम सब बहुत परेशान हैं। सुरेश कुमार ने यह भी कहा कि पूर्व हाउसिंग बोर्ड का कार्यकाल भी विवादो भरा रहा है। इन पर हाउसिंग बोर्ड की भविष्य निधि और पेंशन के 132 करोड़ रुपये की हेराफेरी करने के साथ ही शासकीय धन से क्रय की गई छोटी छोटी वस्तुओं को गायब करने का आरोप लगा है। जिसकी लिखित शिकायत भी हुई थी पर वो शिकायत भी फाईलों में ही दबकर रह गई। शिकायत में एक दर्जन वैंडरों के हस्ताक्षर हैं। इस शिकायत पर सीएम सचिवालय के अवर सचिव अरविंद कुमार खोब्रागड़े ने ऊर्जा सचिव से रिपोर्ट मांगी है।
अवर सचिव ने ऊर्जा विभाग को लिखा पत्र
क्रेडा के नवनियुक्त अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी द्वारा विभाग में नया सिस्टम बनाकर ईकाईयों से अपने लिए 3 प्रतिशत की मांग कर और नहीं देने पर धमकी की शिकायत बाबत।
उपर्युक्त विषय के संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित सुरेश कुमार एवं समस्त क्रेडा इकाई रायपुर, केडा इकाई, रायपुर के शिकायत पत्र 20/05/2025 में उल्लिखित विषय=वस्तु का संबंध आपके विभाग से होने के कारण प्राप्त पत्र मूलतः संलग्न हैं।अतः निर्देशानुसार अनुरोध है कि प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाकर, आवेदक तथा इस कार्यालय को अवगत कराने के साथ जनदर्शन की वेब साईट में इंद्राज कराने का कष्ट करें।
वर्जन
मेरे ऊपर लगाए गए आरोप झूठे और बेबुनियाद है,शिकायत फर्जी है।कांग्रेस मुझे बदनाम करना चाहती है।
भूपेंद्र सवन्नी
क्रेडा अध्यक्ष सीजी
क्रेडा के चेयरमैन भूपेंद्र सिंह सवन्नी के खिलाफ शिकायत फर्जी और झूठा तथा शरारत पूर्ण निकला
क्रेडा के चेयरमैन भूपेंद्र सिंह सवन्नी के खिलाफ 3 फीसदी कमीशन वाला शिकायती पत्र फर्जी निकला है। शिकायत करने वाले संघ ने ही शिकायत को फर्जी और झूठा बताया है। कथित शिकायत ने पूरे ऊर्जा विभाग में खलबली मचा दी थी, वह फर्जी और शरारती निकली है। कुछ दिन पहले सीएम विष्णुदेव साय के जनदर्शन में यह शिकायती चिट्ठी पहुंची थी। सुशासन पर बेहद सख्ती से काम कर रहे सीएम सचिवालय ने इस शिकायत को गंभीरता से लिया था। इस शिकायती पत्र को सोशल मीडिया में भी वायरल किया जा रहा था। लेकिन क्रेडा के जिस समस्त इकाई नामक संगठन के नाम से यह चिट्ठी भेजी गई थी, उसी संगठन के समस्त पदाधिकारियों ने सीएम हाउस को लिखी चिट्ठी में शिकायती पत्र को शरारत तथा पूरी तरह फर्जी करार दिया है। ठेकेदारों की समस्त इकाई की ओर से भेजी गई ताजा चिट्ठी में कहा गया है कि शिकायत में दी गई जानकारियां पूरी तरह असत्य, भ्रामक तथा अनुचित हैं और उनकी तरफ से ऐसी कोई शिकायत की ही नहीं गई है। सूत्रों के मुताबिक इस चिट्ठी के बाद पूरा मामला नस्तीबद्ध कर दिया गया है।
फर्जी कांग्रेस अपने भ्रष्टाचार से ध्यान हटाने ,बिना नाम पते की फर्जी शिकायतें करवा रही है:रंजना साहू
ठेकेदार इकाई ने भी कर दिया खंडन अब कांग्रेस कहां मुंह छुपाएगी:रंजना साहू
भारतीय जनता पार्टी से पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता रंजना साहू ने क्रेडा और उनके अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार के झूठे आरोप पर कहा कि कांग्रेस की आदत है झूठ बोलो, जोर से बोलो, बार-बार बोलो, भ्रष्टाचार में पैर के नाखून से लेकर सर के बाल तक डूबी कांग्रेस के पास अब केवल फर्जी शिकायतों का ही सहारा बचा है लेकिन इसमें भी वह हर बार मुंह की खाती है और क्रेडा की रजिस्टर्ड ठेकेदारों की संस्था ने शिकायत को फर्जी बताकर कांग्रेस की पोल खोल दी है।
साहू ने कहा कि कांग्रेस बार-बार ऐसी शिकायतें करवाती है, जिसमें ना तो शिकायत करने वाले का नाम स्पष्ट होता है ना उसका फोन नंबर लिखा होता है ना ही उसका पता होता है ऐसी शिकायतें करवाकर उनके फोटो खींचकर वह सोशल मीडिया पर प्रचारित करते हैं एवं भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हैं और बाद में ऐसी सभी शिकायतों की जांच के बाद वह फर्जी पाई जाती हैं।स्पष्ट है कि फर्जी कांग्रेस को अब फर्जी शिकायत करने के अलावा कुछ सूझ नहीं रहा है। क्योंकि हर दिन कांग्रेस का नया भ्रष्टाचार सामने आता है। साहू ने कहा कि कांग्रेस के शासन में हर विभाग में कमीशन तय कर दिया गया था और अब जब विष्णु देव साय जी की सरकार आई है जब नए निगम मंडल के अध्यक्ष कार्यभार संभाल चुके हैं तब ऐसे कई लोगों का पाप का धंधा भी बंद हो गया है जिससे वह परेशान है लेकिन विष्णु देव साय सरकार भ्रष्टाचार पर अपनी जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम है, लगातार ऐसे लोगों की दुकान बंद होती रहेगी ,जिन्होंने कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार से अपनी जेब में भरी थी।
भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी बोले,कांग्रेस ने की है फर्जी शिकायत
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी का कहना है कि कांग्रेस ने फर्जी शिकायत करवाई है।ताकि प्रदेश की भाजपा सरकार को बदनाम किया जा सके और अपनी भ्रष्टाचार को छिपा सके,इसलिए सीएम हाउस में बिना नाम और पता के शिकायत कराई गई है। ताकि क्रेडा के अध्यक्ष बदनाम हो सके।जबकि संघ ने ऐसी कोई शिकायत नहीं की है और संघ खुद विज्ञप्ति जारी करके बयान दिया है कि हमने किसी तरह का कोई भी विज्ञप्ति जारी नहीं किया है।
कांग्रेसी बोले,भाजपा सरकार के लोग कमीशन पर कर रहे काम
कांग्रेसियों ने इस शिकायत और कमीशन को लेकर जमकर बवाल मचाया है।कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा सरकार अभी दो साल पूरे नहीं किए है और कमीशन का का शुरू कर दिए है।जिसके कारण भाजपा खुद बदनाम हो रही है।इसलिए वेंडर्स सीधे सीएम के पास शिकायत कर रहे है।
भाजपा के बड़े नेता पर आरोप लगने से सियासी भूचाल आया
प्रदेश के एक बड़े भाजपा नेता पर गंभीर आरोप लगने से सियासी भूचाल आ गया है।इसको लेकर तरह तरह की चर्चाएं होने लगी है।लोग एक दूसरे से कानाफूसी करने लगे है।खुद भाजपा और कांग्रेस के साथ ही अन्य लोगो में।भी आज दबी जुबान से सिर्फ भाजपा नेता की चर्चा होती रही और पूछने लगे कि आखिर में हकीकत क्या है।