महाराणा प्रताप और अग्रसेन चौक पर चोरों का तांडव, एक घंटे में दो दुकानों के शटर उखाड़े

….
हाई-प्रोफाइल गश्त पॉइंट्स के पास लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुए बेखौफ शातिर…..
बिलासपुर । सबसे व्यस्त और पुलिस सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जाने वाले महाराणा प्रताप चौक और अग्रसेन चौक पर बीती रात चोरों ने पुलिस गश्त की धज्जियां उड़ाते हुए भारी सेंधमारी की है। महज एक घंटे के अंतराल में चार बेखौफ चोरों ने दो प्रतिष्ठित दुकानों नरेन्द्र इलेक्ट्रिकल्स’ और ‘दूल्हे साहब’को अपना निशाना बनाया। शातिर चोरों ने पहले महाराणा प्रताप चौक स्थित नरेंद्र इलेक्ट्रिकल्स का शटर उठाकर गल्ले से नकदी पार की और ठीक एक घंटे बाद, सुबह करीब 4 बजे, अग्रसेन चौक के पास ‘दूल्हे साहब’ कपड़ा दुकान में धावा बोलकर 66,645 रुपये की बड़ी रकम पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे चार युवक बड़ी ही सहजता से आते हैं, शटर उठाते हैं और टॉर्च की रोशनी में बेखौफ होकर चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। ताज्जुब की बात यह है कि जिन क्षेत्रों में पुलिस की 24 घंटे मौजूदगी और ‘डायल 112’ की गश्त का दावा किया जाता है, वहां अपराधी इतनी आसानी से वारदात कर निकल गए। हालांकि,सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लग चुके हैं, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
सिविल लाइन पुलिस बोली,चोर की पहचान की जा रही
सिविल लाइन पुलिस का कहना है कि चोरी की घटना को लेकर पुलिस गंभीर है और चोरी करने वाले की पहचान की जा रही है।इसके लिए संदेहियों और आसपास के लोगो से पूछताछ की जा रही है।आरोपी जल्द गिरफ्तार हो जाएगा।