महिला का आपत्तिजनक फोटो एडिट कर वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

कांकेर । थाना चारामा क्षेत्र के एक गांव में वाट्सएप ग्रुप बनाकर महिला का आपत्तिजनक फोटो एडिट कर वायरल करने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुर्म कायम कर गिरफ्तार किया है। 3 अप्रैल को सोशल मीडिया पर फोटो एडिट कर बदनाम करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर आपत्तिजनक फोटो-मैसेज वायरल करने का मामला उजागर हुआ है।
प्रार्थिया द्वारा 1 अप्रैल को थाना चारामा में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 31 मार्च को रात्रि लगभग 9:30 बजे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से “ग्राम पंचायत टिकरापारा” नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया। इस ग्रुप में प्रार्थिया के ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों को जोड़कर उसकी फोटो को एडिट कर आपत्तिजनक रूप में प्रस्तुत किया गया तथा आपत्तिजनक मैसेज के साथ वायरल किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा साइबर सेल नोडल अधिकारी दिनेश सिन्हा एवं एसडीओपी कांकेर मोहसिन खान के पर्यवेक्षण मे थाना चारामा पुलिस द्वारा आईटी एक्ट के प्रकरण मे धारा 79, 238 भारतीय न्याय संहिता एवं 67 आईटी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
तकनीकी जांच एवं साइबर सेल की सहायता से आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार निर्मलकर पिता पवन निर्मलकर उम्र 24 वर्ष निवासी सिरवे थाना भखारा जिला धमतरी के रूप में की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर प्रार्थिया को बदनाम करने के उद्देश्य से फोटो एडिट कर आपत्तिजनक सामग्री वायरल की थी। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय कांकेर में प्रस्तुत किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। इस कार्यवाही में थाना चारामा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम का विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम आदि) पर अज्ञात व्यक्तियों से सावधानी रखें। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री को शेयर करने से बचें। साइबर अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें।