मासूम की रहस्यमयी मौत, परिजनों ने लगाया सर्पदंश का आरोप, कब्र से निकालकर हुआ दुबारा पोस्टमार्टम

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के रामानुजनगर ब्लॉक से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सरईपारा गांव में चार साल की बच्ची की मौत के कारण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। 7 अगस्त की रात तबीयत बिगड़ने पर बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना था कि मौत का कारण पीलिया है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि बच्ची की मौत सर्पदंश से हुई है।
परिजनों का कहना है कि मिट्टी देने के बाद जब वे घर लौटे, तो बच्ची के बिस्तर के पास एक करैत सांप मिला। साथ ही बच्ची के मुंह से लार गिर रही थी और उसने उल्टी भी की थी, जो सांप के काटने के लक्षण हो सकते हैं। इस पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
कानूनी प्रक्रिया के बाद प्रशासन ने शव को कब्र से बाहर निकालकर पुनः पोस्टमार्टम कराया। गांव के सरपंच और पूर्व जनपद सदस्य ने भी सर्पदंश से मौत की आशंका जताई है। तहसीलदार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर उच्च अधिकारियों के निर्देश पर दोबारा पीएम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।
जिला चिकित्सा अधिकारी के अनुसार, पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पीलिया से मौत का जिक्र था, लेकिन अब जिला स्तरीय टीम ने दोबारा जांच की है। अब सभी की निगाहें दूसरी पीएम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे साफ होगा कि मासूम की जान पीलिया ने ली या फिर सांप के ज़हर ने।