Blog

मिड डे मील मे लापरवाही पर मुख्य सचिव ने हाईकोर्ट में पेश किया शपथ पत्र,बताया मिड डे मिल प्रभारी,प्रधान पाठक और संकुल समन्वयक को किया गया है निलंबित

बिलासपुर।मध्याहन भोजन में लापरवाही के मामले में हाईकोर्ट स्वतः संज्ञान लेकर सुनवाई कर रहा है। मामले में मुख्य सचिव से शपथ पत्र में जवाब मांगा गया था। मुख्य सचिव ने शपथ पत्र में बताया है कि मामले में जिम्मेदार प्रधान पाठक, मध्याह्न भोजन प्रभारी और संकुल समन्वयक को निलंबित कर दिया गया है। हाईकोर्ट ने मिड डे मिल की जमीनी स्थिति को जांचने के लिए कोर्ट कमिश्नर को बिलासपुर और रायगढ़ जिले का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

मंगला के शासकीय माध्यमिक स्कूल में बच्चों को खराब गुणवत्ता वाला मिड-डे मील परोसे जाने के मामले में हाई कोर्ट ने संज्ञान लिया था। मुख्य सचिव को शपथ पत्र देने के आदेश दिए थे। मुख्य सचिव ने शपथ पत्र देकर बताया कि मामले में जिम्मेदार प्रधान पाठक समेत तीन को निलंबित किया गया है। वहीं, मिड डे मील का काम कर रहे स्व सहायता समूह से काम वापस लेकर दूसरे समूह को जिम्मेदारी दी गई है।

मंगला के मिडिल स्कूल में बच्चों को 12 सितंबर 2025 को गुणवत्ताहीन मिड डे मील परोसा गया था। इसे लेकर मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट पर हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया था। मुख्य सचिव को शपथ पत्र के साथ जवाब देने के आदेश दिए थे। वहीं, मामले में जिला शिक्षाधिकारी ने बिल्हा के बीईओ को जांच के निर्देश दिए थे। जांच में पाया गया कि हेडमास्टर सावित्री शर्मा को कल्याणी स्व-सहायता समूह, मंगला द्वारा बच्चों को निम्न गुणवत्ता वाला भोजन परोसे जाने की जानकारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने उच्च अधिकारियों को सूचना नहीं दी। इस कारण खराब मिड-डे मील परोसे जाने की घटना हुई। इस जांच रिपोर्ट के आधार पर, संयुक्त संचालक, शिक्षा ने 17 सितंबर 2025 को हेडमास्टर सावित्री शर्मा को निलंबित कर दिया था।

संकुल समन्वयक और मिड डे मील प्रभारी भी निलंबित:–

शपथ पत्र में यह भी बताया गया कि डीईओ ने 7 अक्टूबर 2025 को कल्याणी स्व-सहायता समूह, मंगला के खिलाफ कार्रवाई के लिए कलेक्टर और डीपीआई को को जांच रिपोर्ट भेजी । इसके अलावा मिड-डे मील वितरण में खराब गुणवत्ता की सूचना नहीं देने के कारण संयुक्त संचालक, शिक्षा, बिलासपुर ने संकुल समन्वयक चंद्रकांत कश्यप को 10 अक्टूबर और मिड डे मील प्रभारी भावना तिवारी को 11 अक्टूबर को निलंबित कर दिया ।

बिल्हा की एबीईओ को शो कॉज नोटिस:–

मिड डे मील की निगरानी में लापरवाही के लिए बिल्हा की सहायक ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुनीता ध्रुव को 10 अक्टूबर 2025 को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है । इसके अलावा, शिक्षक एलबी भावना बाजपेयी को मिड डे मील टेस्ट रजिस्टर में भोजन चखने के बाद उचित टिप्पणी नहीं करने पर 11 अक्टूबर 2025 को कारण बताओ नोटिस जारी किया। वहीं, आयुक्त, नगर निगम ने 9 अक्टूबर 2025 को मिड डे मील का प्रबंधन बिलासपुर के पहल ग्रुप को सौंप दिया है ।

स्कूलों के लिए निर्देश जारी:–

मिड डे मील की घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बिलासपुर के डीईओ ने 25 सितंबर 2025 को समूहों की सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं। डीपीआई ने भी मुख्य सचिव द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है । हाईकोर्ट ने व्यवस्थाओं की जांच करने के लिए कोर्ट कमिश्नर को बिलासपुर और रायगढ़ जिलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *