मुनाफा कमाने का झांसा देकर निवेशकों से 2 करोड़ रुपए की ठगी
बिलासपुर।धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। ट्रेडिंग कंपनी में निवेश और मुनाफा कमाने का झांसा देकर निवेशकों से 2 करोड़ रुपए की ठगी हुई है। शिकायत पर पुलिस ने ट्रेडिंग कंपनी के संचालक सहित 4 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
मामला, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जहां प्रार्थी लोकेश्वर साहू ने शिकायत दर्ज कराई है कि, ई-एक्स बिट ट्रेडिंग कंपनी के संचालक रामविलास पटेल, हेमंत सिंह ठाकुर, पप्पू सिंह ठाकुर, मनोज कुमार शर्मा व अन्य ने उन्हें बिटकॉइन में निवेश करने पर हर महीने 15 प्रतिशत लाभ देने का झांसा दिया। इतना ही नहीं, लोगों को जोड़ने पर 2 से 7 प्रतिशत तक का अतिरिक्त बोनस देने का भी प्रलोभन दिया गया। झांसे में आकर प्रार्थी ने न सिर्फ खुद निवेश किया, बल्कि कई अन्य लोगों को भी कम्पनी में निवेश करवाया। कुछ समय तक मीटिंग्स आयोजित कर कंपनी के संचालक लोगों को भरोसा दिलाते रहे, लेकिन बाद में निवेशकों को रिटर्न मिलना बंद हो गया। जब निवेशकों ने पैसे वापस मांगे, कंपनी के संचालक गायब हो गए। शिकायत के मुताबिक लोकेश्वर सहित अन्य के साथ 2 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी की गई है। धोखाधड़ी के शिकार निवेशकों ने मामले की लिखित शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में कंपनी के संचालक रामविलास पटेल, हेमंत सिंह ठाकुर, पप्पू सिंह ठाकुर, मनोज कुमार शर्मा के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कर लिया है। धोखाधड़ी व संगठित अपराध का मामला दर्ज कर पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।