मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहे वार्ड 13 के रहवासी बोले,
अब समाधान चाहिए आश्वासन नहीं।
बिलासपुर। वार्ड क्रमांक 13 दीनदयाल कॉलोनी, मंगला क्षेत्र के रहवासियों ने जलभराव, सीसी रोड और बिजली खंभों की समस्या को लेकर प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कॉलोनीवासियों ने शिकायत पत्र सौंपते हुए बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि कॉलोनी में जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। नालियों का निर्माण अधूरा है, जिसके कारण गंदा और बदबूदार पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। हालात यह हैं कि सीवरेज का पानी भी डायवर्ट होकर गलियों में फैल रहा है जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। रहवासियों का कहना है कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। इसके अलावा क्षेत्र में सीसी रोड का निर्माण नहीं होने से कीचड़ और गड्ढों की समस्या बनी रहती है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। वहीं बिजली के खंभों की कमी और अव्यवस्थित विद्युत व्यवस्था के कारण कई परिवार पिछले सात वर्षों से अस्थायी कनेक्शन के सहारे जीवन यापन कर रहे हैं जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र निरीक्षण कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।