विश्व हिंदू परिषद ने संत चैतन्य महराज समर्थकों पर दर्ज FIR वापस लेने की मांग की
बिलासपुर। विश्व हिंदू परिषद ने हाल ही में संत चैतन्य महाराज के कोर्ट पेशी के दौरान हुए विवाद को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराई है। 15 नवंबर को संत चैतन्य महाराज की पेशी के समय बड़ी संख्या में भक्त न्यायालय परिसर पहुंचे थे, जहां हालात को लेकर पुलिस ने समर्थकों पर सख्ती दिखाई। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों की भीड़ में से कुछ लोगों पर मारपीट, बाधा और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया। संगठन का आरोप है कि संत के अनेक अनुयायी सिर्फ शांतिपूर्ण तरीके से मौजूद थे, निर्दोष लोगों के खिलाफ भी FIR हो गई। विश्व हिंदू परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि संत चैतन्य महाराज के प्रति आस्था रखने वाले लोग वर्षों से धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेते आए हैं और अब उन पर आपराधिक प्रकरण दर्ज होना अत्यंत दुखद है। परिषद ने मांग की कि पूर्ण जांच के लिए घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल वीडियो और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जाए, ताकि वास्तविक दोषियों और निर्दोषों के बीच अंतर स्पष्ट हो सके। संगठन ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि जिन लोगों ने किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं की, उनके खिलाफ दर्ज FIR को निरस्त किया जाए। साथ ही भविष्य में धार्मिक आयोजनों के दौरान पुलिस और प्रशासन द्वारा संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने की मांग रखी गई है।