Blog

मौत बनकर रॉन्ग साइड से सामने आई ट्रेलर, 4 की मौत…स्कॉर्पियो सवार 4 की मौत, एक जूझ रहा जिंदगी की जंग

,

सकरी बाईपास में दर्दनाक हादसा..

बिलासपुर ।सकरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे ट्रेलर क्रमांक सीजी -11-बीड़ी-9044 रतनपुर की ओर से रायपुर की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर अचानक रॉन्ग साइड में पहुंच गया। सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी -04-एमक्यू-4220 से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रेलर एक अन्य खड़े ट्रेलर को भी अपनी चपेट में लेते हुए पलट गया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार सभी लोग वाहन के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस, डायल-112 और राहत टीम मौके पर पहुंची। गैस कटर की सहायता से लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला जा सका। तब तक चार लोगों की सांसें थम चुकी थीं। मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे 37 वर्ष निवासी कुवागांव थाना तखतपुर, विशाल लहरें 25 वर्ष, अनमोल लहरें 14 वर्ष निवासी बिरगहनी थाना जरहागांव जिला मुंगेली तथा सोनू मिरी 28 वर्ष निवासी कोटा के रूप में हुई है। वहीं प्रकाश रात्रे निवासी कुवागांव गंभीर रूप से घायल हैं। सभी लोग यादव ढाबा में आयोजित एक पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर यह हादसा हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। चार लोगों की एक साथ मौत से संबंधित गांवों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरे की गंभीर चेतावनी बनकर सामने आया है।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह पिचक गई

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर दूसरी लेन में पहुंच गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए, वहीं ट्रेलर एक अन्य खड़े ट्रेलर को टक्कर मारते हुए पलट गया। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर बड़ी त्रासदी की वजह बनी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *