यार्ड में लगी आग, एक करोड़ की क्षति

बिलासपुर/गौरेला फरवरी। अमरकंटक मार्ग पर पेण्ड्रारोड स्टेशन के रोड ओवर ब्रिज के निकट रेलवे कंस्ट्रक्शन कंपनी के यार्ड में आग लगने से भारी क्षति होने का अनुमान है। रेलवे कंस्ट्रक्शन कंपनी पेण्ड्रारोड से कोरबा रेल लाइन के निर्माण का कार्य कर रही है। आज दिन में कंस्ट्रक्शन कंपनी के निर्माण सामग्री रखें जाने के यार्ड में भीषण आग लग गई। आग बुझाने का प्रबंध नहीं होने से आग पर तत्काल
नियंत्रण नहीं किया जा सका और आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। घटना स्थल पर उपस्थित कर्मचारियों ने बुझाने प्रयास किया जो पर्याप्त नहीं था। रंगों के रसायनिक भंडार में आग लगी, और देखते-देखते आग की लपटें ऊपर उठती गई। धुआं चारों ओर फैले गया। घटना स्थल पर गौरेला पुलिस, आरपीएफ व दमकल वाहन पहुंच गया है।इन पंक्तियों के लिखे जाने तक आग लगी हुई है। अन्य सामग्री को प्रभावित स्थान से दूर किया जा रहा है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।