योग हमारे शरीर के विकारों को दूर करता है: जयदीप रॉबिन्सन

बर्जेस इंग्लिश स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया
बिलासपुर। “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” की थीम पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बर्जेस इंग्लिश स्कूल, बिलासपुर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड ऑफ एजुकेशन के सचिव श्री जयदीप रॉबिन्सन ने कहा कि “योग हमारे शरीर में होने वाले विभिन्न विकारों को दूर करता है और हमें सकारात्मक सोच की ओर प्रेरित करता है। इसलिए योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शाला की प्राचार्या श्रीमती निशिता हंसा दास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “आज का युग आधुनिकता की दौड़ का है, जहां हम जीवन को संतुलित रखने के प्रयास में अपने शरीर को असंतुलित कर बैठते हैं। ऐसे में प्रतिदिन मात्र 10 मिनट का योग अभ्यास हमें निरोग और सक्रिय बनाए रख सकता है।”

कार्यक्रम में योग गुरु अनीता दुआ, ऋतु सिंह और नंदिनी ने योग प्रोटोकॉल के अनुसार विद्यार्थियों और शिक्षकों को विभिन्न योग आसनों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योग से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है।

इस अवसर पर पोस्टर मेकिंग और निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शाला के शिक्षक और विद्यार्थी बड़ी संख्या में योग सत्र में शामिल हुए। प्रमुख प्रतिभागियों में सिंधिया पीटर्स, राजेश्वर मिश्रा, बेट्सी जीनियस, वान्या बाजपेई, दानिस्ता बेगम, एस. सरकार, मनीष राजपूत, नीलेश दीन, अभिनव लाल, आकांक्षा ताम्रकार तथा समस्त शिक्षक वर्ग शामिल थे।
कार्यक्रम का संचालन जावेद अली ने कुशलता से किया।