ऑटो में सवार महिला से मंगलसूत्र की चोरी…
महिलाओं के गिरोह ने दिया घटना को अंजाम
बिलासपुर । सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत एक ऑटो में सवार महिला से शातिर महिलाओं ने सोने का मंगलसूत्र चोरी किए जाने का मामला सामने आया है।मामले में पुलिस महिलाओं की शिनाख्त कर फरार महिलाओं की तलाश में जुटी हुई है।
सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि प्रार्थी मनीषा सोनी की रिपोर्ट पर आरोपी महिला रचना गिरी गोस्वामी एवं दो महिलाओं के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मनीषा सोनी, जो अटल आवास सकरी की निवासी हैं और एलआईसी एजेंट के रूप में कार्यरत हैं। दोपहर लगभग 12.15 बजे अपने पति नर्मदा प्रसाद सोनी के साथ ऑटो से अपने बच्चे को मंगला चौक स्थित बचपन प्ले स्कूल से लेने जा रही थीं। इसी दौरान नाकोड़ा टाइल्स दुकान के सामने पांच महिलाओं ने हाथ देकर उनका ऑटो रुकवाया और नेहरू चौक जाने की बात कहकर ऑटो में बैठ गईं। जब ऑटो उस्लापुर ओवरब्रिज स्थित साई समोसा दुकान के पास पहुंचा, तभी ऑटो में बैठी एक महिला ने पीछे से मनीषा सोनी के बाल खींचे और सीट बदलने के लिए कहा। इसी दौरान महिलाओं ने आपस में इशारे किए और मौका पाकर मनीषा सोनी के गले से सोने का मंगलसूत्र
जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है,चोरी कर लिया। चोरी का अहसास होते ही मनीषा सोनी ने शोर मचाया, जिस पर आसपास मौजूद लोगों ने मदद की। इसी बीच आरोपी रचना गिरी गोस्वामी एवं दो अन्य महिलाएं मौके से भागकर उस्लापुर स्टेशन की तरफ फरार हो गईं। पुलिस मामले की जांच कर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।