रतनपुर में फिर गाय हुई सड़क हादसे का शिकार,मौत

लापरवाही से बेजुबानों की मौत जारी
बिलासपुर। धार्मिक नगरी रतनपुर में सड़क हादसों में मवेशियों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाईकोर्ट के निर्देशों और मुख्यमंत्री के सख्त आदेशों के बावजूद स्थानीय प्रशासन व जिम्मेदार अफसरों की लापरवाही के चलते रोजाना 2 से 3 मवेशी बेमौत मारे जा रहे हैं। जमीन पर सुधार के बजाय केवल दिखावटी कार्रवाई हो रही है।
ताजा मामला मंगलवार की शाम का है, जब बिलासपुर से रतनपुर की ओर आ रही ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो सीजी 10 एआर 0333 ने सिद्धिविनायक मंदिर के पास सड़क किनारे बैठे मवेशियों को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो एक मवेशी को लगभग 30 फीट तक घसीटते हुए ले गई। इस हादसे में मौके पर ही एक मवेशी की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय गौ-सेवकों ने वाहन चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया की गई है।