Blog

रात में घर घुसकर जेवर और नगदी ले उड़े चोर

बिलासपुर।रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना से गांव में दहशत और चिंता का माहौल बन गया है। मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी दिनेश्वर यादव ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई है कि 25 मार्च 2026 की देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए। उस समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। चोरों ने मौका पाकर घर के अंदर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान में सोने-चांदी के कई आभूषण शामिल हैं। इनमें पायल, झुमका, बाजूबंद, मंगलसूत्र, चांदी का सिक्का, अंगूठी, कंगन, फूल कंगन, नाक का टॉप, चांदी की बिछिया, हार और चेन सहित अन्य जेवरात शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखे लगभग 2500 रुपये नगद भी चोर अपने साथ ले गए।
कुल मिलाकर करीब 2.50 से 3 लाख रुपये की चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है, वहीं पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *