रायपुर-बिलासपुर रेल लाइन पर दर्दनाक हादसा, लिंक एक्सप्रेस की चपेट में आकर दो रेल कर्मियों की मौत

बिलासपुर।रायपुर–बिलासपुर रेल लाइन से इस वक्त एक दर्दनाक खबर सामने आई है। तिल्दा–नेवरा थाना क्षेत्र में हुए एक रेल हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मृतक रेलवे से जुड़े कर्मचारी बताए जा रहे हैं। घटना तिल्दा–नेवरा थाना क्षेत्र के बैकुंठ पुलिया के ऊपर डाउन मिडिल लाइन के पास की है, जहाँ लिंक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रेलवे कर्मी लाला राम बंजारे, उम्र 55 वर्ष, और ठेकेदारी कर्मी मोहन लाल साहू, उम्र 26 वर्ष, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों रेलवे ट्रैक के पास काम कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
रेलवे ट्रैक पर काम के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।