रायपुर से बिलासपुर पहुंचे प्रश्नपत्र, 131 केंद्रों पर होगा परीक्षा संग्राम

….
सीलबंद बॉक्स पहुंचे दयालबंद, थानों में रखे गए प्रश्नपत्र सुरक्षित….
20 फरवरी से शुरू होगी परीक्षा, प्रशासन पूरी तरह सतर्क…
बिलासपुर ।छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां अब अंतिम और निर्णायक चरण में पहुंच चुकी हैं। जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सोमवार को रायपुर से प्रश्नपत्रों के सीलबंद बॉक्स कड़ी सुरक्षा के बीच दयालबंद स्थित महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलासपुर पहुंचे। यहां से ग्रामीण क्षेत्र के 68 परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्नपत्रों का वितरण किया गया और उन्हें संबंधित थानों में सुरक्षित जमा कराया गया।
दरअसल बिलासपुर जिले में 20 फरवरी से 12वीं और 21 फरवरी से 10वीं बोर्ड परीक्षाएं शुरू होंगी। इस वर्ष जिले के 37 हजार 194 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनके लिए 131 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के 68 और शहरी क्षेत्रों के 63 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। शहरी केंद्रों के प्रश्नपत्रों का वितरण मंगलवार को किया गया।गोपनीयता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले ही थानों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। नकल रोकने के लिए त्रिस्तरीय निगरानी व्यवस्था और उड़नदस्ता दल सक्रिय रहेंगे। वहीं ‘मिशन 90 प्लस’ अभियान के तहत विद्यार्थियों का विशेष रिवीजन कराया जा रहा है, ताकि इस बार परिणाम और भी शानदार और ऐतिहासिक हो सके।
वर्जन
परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र आ गए है जिसे कड़ी सुरक्षा के बीच सुरक्षित रखवा दिया गया है।
विजय टांडे
जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर