रिडायर्ड कर्मचारीके बैंक खाते से 2.31 लाख रुपए गायब
रिडायर्ड कर्मचारी बने सायबर ठगी के शिकार
कोटा थाना में अपराध हुआ दर्ज
बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम लिटिया निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी शोभनाथ कौशिक 65 वर्ष के एचडीएफसी बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने करीब 2 लाख 31 हजार 185 रुपये की ठगी कर ली। इस संबंध में पीड़ित ने थाना कोटा में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थी शोभनाथ कौशिक ने बताया कि उनका सेविंग खाता है, जिसमें सावधि जमा की दो राशि-1,09,912 और 1,21,273 कुल 2,31,185 रुपए जमा थी। 22 जुलाई से 28 जुलाई के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर दोनों एफडी तोड़कर खाते से पूरी राशि निकाल ली। मोबाइल पर जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल बैंक पहुंचकर खाता बंद कराया और स्टेटमेंट एवं एफडी की प्रतिलिपि पुलिस को उपलब्ध कराई। उन्होंने बताया कि ठगी की जानकारी मिलते ही वे बेहद परेशान हो गए और सायबर सेल में भी इसकी शिकायत की। आवेदन पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने विवेचना प्रारंभ कर दी है।
कोटा पुलिस जुटी जांच में
यह मामला फिर एक बार बैंक खातों और एफडी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। इसमें कोटा पुलिस का कहना है कि बैंक और संबंधित सीसीटीवी फुटेज के अलावा पैसा निकालने की धोखाधडी करने वाले की तलाश शुरू कर दी गई है।