Blog

रील लाइफ के गुंडों की पुलिस ने निकाली बारात….लूटू की भी डूबी लुटिया…..बदमाशों ने कहा पुलिस हमारी बाप

मैडी को भेजते थे धमकी भरा वीडियो

बिलासपुर ।
सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाकर हथियारों के साथ धमकी दे दहशत फैलाने वाले रील माफियाओं को बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनका शहर में जुलूस निकाल इनसे नारा लगाया गया कि गुंडागर्दी करना पाप है,पुलिस हमारी बाप है। इसे बिलासपुर पुलिस ने अपने इंस्टा हैंडल पर भी शेयर करते हुए बदमाशों को गुंडागर्दी छोड़ देने की चेतावनी जारी की है।

दरअसल सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर रील बनाकर हथियार लहराने, धमकी देने और डर फैलाने वाले बदमाशों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ऐसे पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हथियार और वाहन जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में लुट्टू पांडेय उर्फ रितेश, शिवम मिश्रा, लक्की यादव, शैलेश चौबे और शंभू यादव शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी की गिरफ्तारी के बाद रील लाइफ के गुंडों की बरात निकालते हुए उन रास्तों में घुमाया जहां वे गुंडागर्दी करते थे।


मामले में सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास से एक रिवॉल्वर, एक एयरगन, एक चाकू, एक बेसबॉल स्टिक और लूटू पांडेय की एक बुलेट बाइक जब्त की गई है। पुलिस जांच में पता चला कि ये सभी आरोपी लगातार सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर पोस्ट कर रहे थे। साथ ही आरोपी युवक शहर के कुछ लोगों को रील बनाकर धमकी दे रहे थे। इसकी शिकायत चकरभाठा और सरकंडा थाने में की गई है। पुलिस इन आरोपियों पर लंबे समय से नजर रखे हुई थी। पुलिस के दबाव से बचने के लिए ये आरोपी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, बनारस और इलाहाबाद जैसे शहरों में ठिकाना बदलते रहे।

बनारस से बिलासपुर जिले तक पीछा कर किया गिरफ्तार

सरकंडा ,एसीसीयू की टीम और साइबर सेल से मिली जानकारी के आधार पर इनकी गतिविधियों को ट्रैक किया। तब पता चला कि आरोपी बनारस से भागकर मिर्जापुर आ गए है और अब वापस बिलासपुर की तरफ आ रहे हैं। तब पुलिस ने बनारस से पीछा करते हुए रतनपुर क्षेत्र के पास घेराबंदी की। पुलिस की टीम ने रतनपुर के पास सभी को गिरफ्तार कर लिया।

कुख्यात माफिया लूटू पांडेय और उसके साथियों के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर अपराध

पुलिस ने बताया कि कुख्यात माफिया लूटू पांडेय और उसके साथियों के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर अपराध दर्ज हैं, जिनमें घर में घुसकर मारपीट, चाकू से हमला, नशे के कारोबार में शामिल होना और संगठित तरीके से दहशत फैलाना जैसी वारदातें शामिल हैं। पुलिस ने अब इनके खिलाफ संगठित अपराध की धारा जोड़ते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, इनके परिजनों और गिरोह के अन्य सदस्यों की अवैध संपत्तियों की पहचान कर जप्ती की तैयारी की जा रही है।इसके पहले भी वह सरकंडा थाना क्षेत्र में गाड़ियों में खुलेआम तलवार लहराकर आतंक मचा रहा था,इसके साथ ही गाड़ी में खड़े होकर दहशत फैला रहा था।जिसमें कार्रवाई हुई थी।

बिलासपुर में गुंडागर्दी करना पाप है पुलिस हमारी बाप है का नारा लगाए आरोपियों ने

यह सभी आरोपी सोशल मीडिया पर हथियार लहरा कर लोगों को डराने के लिए धमका कर वीडियो डाल रहे थे। पुलिस ने इनका उसी एरिया में जुलूस निकाला जहां यह लगातार दहशत फैलाते थे। इस दौरान बदमाश लंगड़ाते हुए बिलासपुर में गुंडागर्दी करना पाप है पुलिस हमारी बाप है का नारा लगाते रहे। साथ ही गुंडे यह भी कहते रहे कि पुलिस गुंडागर्दी करने पर आगे से भी निकाल देती है।

कुख्यात अपराधी लूटू पांडे और शिवम मिश्रा इंस्टा माफिया

गिरफ्तार बदमाशों में कुख्यात अपराधी लूटू पांडे भी है। उसके खिलाफ सरकंडा में एनडीपीएस का मामला दर्ज है। वह उस मामले में फरार रह कर भूमिगत हो इंस्टाग्राम में बिलासपुर के लोगों को हीरोगिरी करते हुए धमकी देता था। उसके साथ ही उसका साथी शिवम मिश्रा भी इंस्टा माफिया बना हुआ था। उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, लूटू पांडेय का साथी गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि अवैध हथियार एवं बदमाशों पर की जा रही कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए,अभी कुछ समय पहले ही सिविल लाइन क्षेत्र में एक और पिस्तौल जप्त की गई है। लुट्टू पांडेय से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्परता से दबिश दी। जहाँ उसके बताए अनुसार यह पिस्तौल उसके एक अन्य साथी अविनाश बोरकर उर्फ दद्दू तथा सुमित महाजन के कब्जे से बरामद की गई।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उनके खिलाफ सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई है।

माफिया बनने लूटू पांडेय और उसके साथी मचाते है आतंक

पुलिस ने बताया कि उनको गुंडा बनने का शौक है और बिलासपुर का माफिया बनने के लिए ही सोशल मीडिया का सहारा लिए।उसके बाद जिनको धमकी देना रहता था सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी देकर अपना बदला पूरा कर लेते थे।
लेकिन इस बार
पकड़े गए आरोपी हत्या करने की नीयत से धमकी दे रहे थे।उसके बाद भनक लगते ही बिलासपुर से फरार हो गए।

एसएसपी ने कहा सुधर जाएं नहीं तो जेल में कटेगी जिंदगी

एसएसपी रजनेश सिंह ने शहर में सक्रिय बदमाशों को चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया में गुंडागर्दी करने वाले सुधर जाएं। इसके अलावा अपराधिक गतिविधियों में सक्रिय लोग अच्छे काम करें। अगर बदमाश अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं तो पुलिस ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई करेगी। ऐसे में उनका जीवन जेल में कटेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *