बिलासपुर में अब बिना सीट बेल्ट सड़क पर निकलना पड़ेगा भारी

यातायात पुलिस की सख्ती के साथ सुरक्षा ही बनी मुहिम का मुख्य संदेश
बिलासपुर। शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने सीट बेल्ट को लेकर नई मुहिम शुरू की है। लगातार समझाइश के बावजूद कई वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं जिसके चलते पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ रही है। इसी क्रम में अब कार चालकों के लिए सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। यातायात पुलिस के अनुसार सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और चालान भी भेजा जाएगा।खासतौर पर बड़े और चार पहिया वाहनों के चालकों के लिए सीट बेल्ट को बेहद जरूरी बताया गया है नियमों का उल्लंघन करने वालों पर बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी शहर में लगाए गए ऑटोमेटिक ट्रैफिक कैमरों के माध्यम से यातायात पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। कैमरों की मदद से सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है जिससे नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल करिहारे ने बताया कि सीट बेल्ट लगाने से वाहन चालक की सुरक्षा सुनिश्चित होती है और दुर्घटना के समय जान बचने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि लोगों की जीवन रक्षा के लिए सीट बेल्ट लगाना अब सिर्फ नियम नहीं, बल्कि एक जरूरी आदत बननी चाहिए।