लगातार शिकायतों के बाद विवादित खाद्य निरीक्षक मुख्यालय अटैच
बिलासपुर कलेक्टर ने किया कार्यक्षेत्र में बड़ा बदलाव
भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोपों से घिरे श्याम वस्त्रकार पर गिरी गाज
बिलासपुर ।जिले के विवादित खाद्य निरीक्षक श्याम वस्त्रकार पर आखिरकार कार्रवाई की गई है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर के अनुमोदन पर आदेश जारी करते हुए उन्हें मुख्यालय अटैच कर दिया है। जिले के खाद्य निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया गया है, जिसके तहत मंगेश कांत को मस्तूरी, पचपेड़ी व नगर निगम के वार्ड क्रमांक 1 से 38 तक का दायित्व सौंपा गया है, वहीं सीनियर खाद्य निरीक्षक ललिता शर्मा को बिल्हा ब्लॉक और वर्षा सिंह को नगर निगम के वार्ड 38 से 70 तक की जिम्मेदारी दी गई है। श्याम वस्त्रकार के खिलाफ मस्तूरी और बिल्हा क्षेत्र में लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिनमें अनियमितता, रिश्वतखोरी और दुकान अटैचमेंट में भ्रष्टाचार के आरोप शामिल थे। तखतपुर पदस्थापना के दौरान भी उन पर दुकानों को गलत तरीके से अटैच कर अपने लोगों को विक्रेता बनाने और उगाही के गंभीर आरोप लगे थे। गनियारी ग्राम पंचायत के पूर्व संचालक भीम सूर्यवंशी ने तो श्याम वस्त्रकार के खिलाफ ऑनलाइन रिश्वत लेने के साक्ष्य तक प्रस्तुत किए थे, जिसकी जांच एसडीएम तखतपुर को सौंपी गई थी, परंतु तब कार्रवाई नहीं की गई और तत्कालीन खाद्य नियंत्रक अनुराग भदौरिया ने उन्हें मस्तूरी-बिल्हा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंप दी थी। विभागीय सूत्रों के अनुसार, उनकी कार्यप्रणाली से उच्च अधिकारी बेहद नाराज थे और अब उनके खिलाफ एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि मस्तूरी के बूढ़ीखार ग्राम पंचायत में हुए विवाद में भी श्याम वस्त्रकार की भूमिका संदिग्ध रही है। लगातार बढ़ती शिकायतों और भ्रष्टाचार के साक्ष्यों के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया है, ताकि विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके…..