बंसोड़ मोहल्ले में अवैध रूप से कच्चे मकान में रहने वाले परिवार पक्के मकान में शिफ्ट,अतिक्रमण पर चला बुलडोज़र

नगर निगम ने इमलीभाटा में किया 67 परिवारों को शिफ्ट,शेष 20 परिवार आज होंगे शिफ्ट
13 सितंबर को दिया गया था पहला नोटिस
अवैध निर्माण पर कार्रवाई शुरू,इंदिरा विहार के पास शासकीय जमीन होगा अतिक्रमण मुक्त
बरसों से शासकीय जमीन में अवैध रूप से काबिज थे लोग
बिलासपुर- सरकंडा के इंदिरा विहार के पास कच्चा मकान बनाकर झुग्गी झोपड़ी में जीवन यापन करने वाले परिवारों को खुद का पक्का मकान मिल गया है,नगर निगम द्वारा आज 67 परिवारों का व्यावस्थापन इमलीभाटा स्थित पक्के मकान में किया गया है,शेष 20 परिवारों को आज शिफ्ट किया जाएगा।
इसके लिए इमलीभाटा में तीन ब्लाॅक का नया आवास बनाया गया है। इस अभियान के साथ ही शहर की एक और बेशकीमती शासकीय जमीन अतिक्रमण मुक्त होने जा रही है। 67 परिवारों की शिफ्टिंग के बाद अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।

दरअसल इंदिरा विहार के बाजू में बंधवापारा शुरू होने के पहले लगभग पौने दो एकड़ शासकीय जमीन में लोग अवैध रूप से कब्जा करके झुग्गी झोपड़ी बना लिए थे,जिसे बंसोड़ मोहल्ले के नाम से जाना जाता है। इन सभी परिवारों को झुग्गी झोपड़ी से निजात दिलाकर प्रशासन प्रधानमंत्री आवास में व्यवस्थापन किया जा रहा है। सड़क किनारे शासकीय जमीन में कब्जा करने से व्यवस्थित विकास और पानी निकासी में बहुत बड़ी बाधा थी। इन परिवारों को पक्का मकान मिलने से बहुत बड़ी राहत मिलेगी,बारिश और ठंड के मौसम में होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगा और जीवन स्तर में बदलाव आएगा। इन परिवारों को सबसे पहले 13 सितंबर 2025 को नोटिस दिया गया था,जिसके बाद लगातार संपर्क कर और नोटिस के जरिए स्वयं से जमीन खाली करने और पीएम आवास में शिफ्ट के लिए तैयार किया गया। कार्रवाई के पूर्व ही इन परिवारों को आवास के लिए आबंटन पत्र जारी कर दिया गया था।
आज 46 अवैध कब्जे को हटाया गया
बंसोड़ मोहल्ले के 67 परिवारों की शिफ्टिंग के बाद उनके द्वारा बनाए गए अवैध कच्चे मकान को निगम ने तोड़ना शुरू किया। आज नगर निगम ने 46 अवैध मकानों को तोड़ा,इसके अलावा शेष अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई आगामी कुछ दिनों तक लगातार चलेगी।