वर्दी में ‘हाय रानी’ पर पत्नी संग थिरके आरक्षक,इंस्टाग्राम रील बनी आफत,एसएसपी ने किया लाइन अटैच

बिलासपुर।जिले के एक आरक्षक का सोशल मीडिया शौक उस पर भारी पड़ गया। पुलिस वर्दी पहनकर पत्नी के साथ फिल्मी गाने ‘हाय रानी, हेलो रानी’ पर डांस करते हुए बनाया गया वीडियो जैसे ही इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ, विभाग में हलचल मच गई। मामला संज्ञान में आते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए आरक्षक देवानंद कैवर्त्य को लाइन अटैच कर दिया।
*वायरल रील से खुली पोल, वर्दी में रोमांस बना विवाद*
पूरा मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में एक पुलिसकर्मी अपनी पत्नी के साथ बेहद सहज और निजी अंदाज में डांस करता नजर आया। वीडियो में आरक्षक वर्दी में है और बैकग्राउंड में ‘हाय रानी, हेलो रानी’ गाना बज रहा है।
वीडियो वायरल होते ही यह सवाल उठने लगे कि क्या वर्दी में इस तरह के निजी वीडियो बनाना नियमों के दायरे में आता है?
*मस्तूरी थाने का आरक्षक निकला वीडियो का किरदार*
जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि वीडियो में दिख रहा पुलिसकर्मी मस्तूरी थाने में पदस्थ आरक्षक देवानंद कैवर्त्य है। उसने खुद यह वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर रील के रूप में अपलोड किया था।
पुलिस अधिकारियों ने उसकी सोशल मीडिया एक्टिविटी खंगाली तो सामने आया कि वह इंस्टाग्राम पर सक्रिय है और इसी के चलते उसने यह वीडियो बनाया।
*गलती सिर्फ एक—वर्दी में बनाया वीडियो*
सूत्रों के मुताबिक, आरक्षक का अपनी पत्नी के साथ डांस करना निजी दायरे में आता है, लेकिन वर्दी पहनकर इस तरह का वीडियो बनाना ही पूरे विवाद की जड़ बन गया।
पुलिस नियमों के अनुसार, वर्दी में किसी भी प्रकार की निजी या मनोरंजनात्मक गतिविधि का सार्वजनिक प्रदर्शन अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
*एसएसपी की सख्ती: ‘यूनिफार्म का दुरुपयोग बर्दाश्त नही*
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरक्षक देवानंद कैवर्त्य को लाइन अटैच कर दिया।
एसएसपी बोले,पुलिस विभाग एक अनुशासित बल है। यूनिफार्म सिर्फ कपड़ा नहीं, सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इसे पहनकर इस तरह की गतिविधियां करना अशोभनीय है। विभागीय मापदंडों का उल्लंघन किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।