विशेष बच्चों के लिए अभिभावकों ने की वाहन सुविधा की मांग,
आवागमन में हो रही है सुविधा कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बिलासपुर।जिले के विशेष बच्चों के अभिभावकों ने कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपते हुए वाहन सुविधा की मांग की है। यह मांग पूर्व में संचालित जस्टिस तल्पा मेमोरियल रोटरी स्कूल फॉर स्पेशल चिल्ड्रन के बंद होने के बाद सामने आई है, जिससे इन बच्चों की परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो गई है। अभिभावकों ने कलेक्टर का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि उनके प्रयासों से बच्चों को एक नई संस्था में प्रवेश दिलाया गया है, जिससे बच्चों की शिक्षा में निरंतरता बनी रह सके। लेकिन नई संस्था द्वारा बच्चों के लिए कोई वाहन सुविधा नहीं दी जा रही है, जिससे उन्हें स्कूल पहुंचाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष बच्चों को नियमित स्कूल पहुंचाने के लिए परिवहन सुविधा अनिवार्य है, क्योंकि अधिकांश बच्चे दूर-दराज के क्षेत्रों से आते हैं और उनके लिए साधारण यातायात साधन सुविधाजनक नहीं हैं। इनमें कई अभिभावक ऐसे भी है जो रोजाना रोजी मजदूरी कर अपना घर चलते हैं ऐसे में उनका रोज बच्चों को स्कूल छोड़ने और लाना संभव नहीं हो पता है अभिभावकों ने अपने बच्चों की सुविधा के लिए प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कदम उठाने की अपील की है। अभिभावकों का कहना है कि यदि जल्द ही कोई समाधान नहीं निकला तो बच्चों की शिक्षा प्रभावित होगी।प्रशासन से अपेक्षा है कि वह इन विशेष बच्चों के हित में संवेदनशीलता दिखाते हुए वाहन की व्यवस्था करवाए, ताकि वे शिक्षा से वंचित न रह जाएं।