वीआईटी यूनिवर्सिटी में 19 साल की नेहा की मौत के परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

खराब भोजन और लापरवाही के आरोप, परिजनों ने यूनिवर्सिटी को ठहराया जिम्मेदार
बिलासपुर । 19 साल की नेहा साहुकार की मौत ने मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा स्थित वीआईटी यूनिवर्सिटी को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है। साइबर सिक्योरिटी की स्टूडेंट नेहा पिछले 10 दिनों से आईसीयू में जिंदगी से जूझ रही थी और 24 नवंबर को उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद से कैंपस में भारी विरोध, आगजनी और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती तक की नौबत आ गई है। परिजनों का आरोप है कि खराब भोजन और हॉस्टल में लापरवाही ने उनकी बेटी की जान ले ली…..
हेमूनगर निवासी नेहा साहुकार वीआईटी यूनिवर्सिटी में साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल फॉरेंसिक की पढ़ाई कर रही थी। परिवार का कहना है कि लगातार खराब भोजन, हॉस्टल की अव्यवस्थाओं और समय पर इलाज न मिलने से उसकी सेहत बिगड़ती चली गई। करीब 10 दिनों तक वह आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ती रही, लेकिन आखिरकार 24 नवंबर को उसने अंतिम सांस ली।नेहा के पिता सुनील साहुकार ने प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि नेहा बड़ी बेटी थी और हमेशा अपनी छोटी बहन को उससे बेहतर अवसर दिलाने का सपना देखती थी। लेकिन जिस तरह की लापरवाही उसने बताई, उसी डर से अब परिवार छोटी बेटी को वहां नहीं भेजना चाहता। यही वजह है कि उन्होंने यूनिवर्सिटी से नेहा की पूरी फीस वापस करने की मांग की है, ताकि वह राशि छोटी बेटी की पढ़ाई पर खर्च की जा सके। परिजनों ने साफ कहा है कि खराब भोजन और अनदेखी के कारण उनकी बेटी की जान गई और प्रशासन को इसका जवाब देना होगा।