Blog

वो सिर्फ नेता नहीं, भरोसे की उड़ान हैं: चिंतामणि महाराज ने खुद बनकर दिखाया पहला यात्री

अंबिकापुर/दरिमा -:-
सरगुजा वासियों के वर्षों पुराने सपनों को आखिरकार पंख मिल गए हैं। अंबिकापुर स्थित दरिमा (मां महामाया) एयरपोर्ट से नई दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा की शुरुआत एक ऐतिहासिक क्षण बन गई। इस उपलब्धि के केंद्र में क्षेत्र के सांसद चिंतामणि महाराज का अथक प्रयास, समर्पण और वर्षों का संघर्ष रहा, जिसने सरगुजा को देश के हवाई नक्शे पर नई पहचान दिलाई।
इस ऐतिहासिक अवसर को और भी विशेष बनाते हुए सांसद चिंतामणि महाराज स्वयं इस उड़ान के पहले यात्री बने और यात्रा कर इस नई सेवा की शुरुआत को यादगार बनाया। यात्रा के दौरान उन्होंने विमान में मौजूद यात्रियों से आत्मीय भेंट की, उनकी कुशलक्षेम जानी और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं एवं बधाई दी। यह पल न केवल भावुक था, बल्कि एक जनप्रतिनिधि के जनता से गहरे जुड़ाव और समर्पण का प्रतीक भी बन गया।
सरगुजा को हवाई सेवा से जोड़ने की मांग लंबे समय से उठती रही थी, लेकिन कई बार प्रयासों के बावजूद सेवाएं बंद हो गईं। एयरपोर्ट बनने के बाद भी उड़ानें ठप पड़ने से क्षेत्रवासियों में निराशा थी। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में सांसद चिंतामणि महाराज ने हार नहीं मानी और लगातार केंद्र सरकार, राज्य सरकार, उड्डयन मंत्रालय तथा विमानन कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर इस मुद्दे को प्राथमिकता में बनाए रखा।
दिल्ली में उन्होंने उड्डयन मंत्रालय के सेक्रेटरी वुमलुनमंग वुअलनाम, केंद्रीय मंत्री किन्जरापु राममोहन नायडू और सेक्रेटरी समीर कुमार सिन्हा से लगातार मुलाकात कर इस विषय को गंभीरता से उठाया। वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन सतत प्रयासों का ही परिणाम है कि आज सरगुजा को यह ऐतिहासिक सौगात मिली है।
अब Alliance Air द्वारा संचालित यह सेवा सप्ताह में चार दिन उपलब्ध रहेगी, जिससे सरगुजा सीधे देश के प्रमुख महानगरों से जुड़ गया है। यह उड़ान केवल दूरी कम करने का माध्यम नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, व्यापार, पर्यटन और नई संभावनाओं को पंख देने वाला सशक्त कदम है। मैनपाट जैसे पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलेगी, वहीं शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इस ऐतिहासिक शुरुआत के साथ सरगुजा की जनता के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है। यह केवल एक हवाई सेवा नहीं, बल्कि उम्मीदों, सपनों और विकास की नई शुरुआत है। सांसद चिंतामणि महाराज के नेतृत्व, समर्पण और जनता के प्रति प्रतिबद्धता ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब इरादे मजबूत हों, तो वर्षों का इंतजार भी एक दिन गर्व और उपलब्धि में बदल जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *