शराब के नशे में निकली घर से, तालाब में मिली महिला की लाश
शराब के नशे में घर से निकली महिला की लाश तालाब में मिली है। महिला नशे के चलते तालाब में डूब गई थी।
बिलासपुर। शराब के नशे में महिला रात 10 बजे के करीब घर से निकल गई। देर रात पता चला कि महिला तालाब में डूब गई है। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को देकर तड़के लाश निकाल ली है। पीएम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।
अमेरी के सतनाम नगर में रहने वाले चंद्रकुमार कुर्रे ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन चंद्रकली कुर्रे(40) शनिवार की रात घर से निकली थी। तब वह शराब के नशे में थी। इसके बाद वह घर के पास ही तालाब के किनारे बैठी थी। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। रात करीब 10 बजे उन्हें किसी ने मोबाइल पर काल कर बताया कि चंद्रकली तालाब में डूब गई है। तब चंद्रकुमार अपने भांजे अरविंद को साथ लेकर तालाब के पास पहुंचे। साथ ही इसकी सूचना सकरी पुलिस को दी। इसके बाद रात में ही परिजनों की मदद से पुलिस ने तालाब में महिला की तलाश शुरू कर दी। तड़के करीब तीन बजे परिजनों की मदद से महिला का शव निकाल लिया गया।
पुलिस ने रविवार की सुबह शव का पीएम कराया। परिजनों ने पूछताछ में बताया कि चंद्रकली आए दिन शराब पीती थी। इसके कारण उसके पति और बच्चे अलग रहते थे। महिला अकेले रहकर रोजी मजदूरी करती थी। शनिवार की रात वह शराब के नशे में तालाब के पास बैठी थी। ढलान से वह नशे के कारण पानी में चली गई। पूछताछ के बाद पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है।