शराब पीने पैसे नहीं देने पर बहन पर हथौड़ी से हमला..

आरोपी भाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज
बिलासपुर । कोनी थाना क्षेत्र के देवनगर में घरेलू विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने अपनी ही बहन पर हथौड़ी से हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी भाई के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया कु. मिनेश्वरी मनहर, निवासी देवनगर कोनी, निजी नौकरी करती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 से 11 बजे के बीच वह घर पर अकेली सो रही थीं। इसी दौरान उनका भाई मानेश्वर सिंह मनहर शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद वह कमरे के अंदर घुस आया और बहन के बाल पकड़कर उसे बाहर खींच लाया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी भाई ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे और पैसा नहीं देने पर जान से मारने जैसी धमकी देते हुए हमला कर दिया।
जब मिनेश्वरी ने पैसे नहीं होने की बात कही, तो आरोपी ने पास में रखे हथौड़ी उठाकर उनके सिर, हाथ और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनके सिर व हाथ से खून बहने लगा। मारपीट के बाद वह बेहोश हो गईं। बताया गया कि बाद में आरोपी ही उन्हें अपने ऑटो से इलाज के लिए सिम्स अस्पताल, बिलासपुर लेकर गया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी भाई पहले भी कई बार शराब के लिए पैसे मांगते हुए उनके साथ मारपीट कर चुका है। कोनी पुलिस ने आरोपी मानेश्वर सिंह मनहर के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।