गुरुजी की हैवानियत:स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ने वाली नौवीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर हुआ खुलासा,शिक्षक और एक अन्य पर एफआईआर
नौवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के यौन शोषण के मामले मे स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के शिक्षक तथा एक अन्य युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब छात्रा गर्भवती हुई।
जीपीएम। स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ने वाली नौवीं कक्षा की छात्रा से स्कूल के ही एक शिक्षक ने दुष्कर्म किया। शिक्षक के अलावा एक अन्य युवक भी छात्रा से दुष्कर्म करता रहा। नाबालिग छात्रा के गर्भवती होने पर मामले का खुलासा हुआ। नाबालिग छात्रा के परिजनों ने दो अलग– अलग थानों में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत संचालित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में पढ़ने वाली नौवीं कक्षा की छात्रा का स्कूल में ही पढ़ाने वाले हिंदी के शिक्षक युगल किशोर दिनकर के द्वारा लंबे समय से शारीरिक शोषण किया जा रहा था। मामला तब सामने आया जब छात्रा गर्भवती हो गई। परिजनों ने जब पूछताछ की तो उसने बताया कि स्कूल में हिंदी विषय के शिक्षक युगल किशोर दिनकर के द्वारा लंबे समय से उसके साथ गलत काम किया जा रहा है। पीड़िता छात्रा ने बताया कि इसके अलावा त्रिलोक आर्मो द्वारा भी उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था।
दो अलग-अलग मामला, अलग-अलग आरोपी और अलग-अलग घटनास्थल होने के चलते दो अलग-अलग थानों में अलग-अलग मामला दर्ज किया गया। मरवाही थाना क्षेत्र में आत्मानंद स्कूल होने और छात्रा के बयान के आधार पर शिक्षक युगल किशोर दिनकर के खिलाफ मरवाही थाने में सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। जबकि त्रिलोक आर्मो नामक युवक और शिक्षक युगल किशोर दिनकर के खिलाफ एक अन्य एफआईआर पीडिता छात्रा के बयान के आधार पर पेंड्रा थाना में दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी भावना गुप्ता ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसपी के निर्देश के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के हिंदी के शिक्षक युगल किशोर दिनकर और एक अन्य आरोपी युवक त्रिलोक आर्मो को एफआईआर दर्ज होने के चंद घंटों बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया है।