शादी कार्यक्रम से लौट रहे युवकों की बाइक रोककर युवक पर जानलेवा हमला.
शराब के नशे में मारपीट, अपराध दर्ज
बिलासपुर।सीपत थाना क्षेत्र के पैगवापारा रोड में शादी समारोह से लौट रहे 12वीं के छात्र पर दो युवकों ने कथित तौर पर शराब के नशे में हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले मोटरसाइकिल रोककर गाली-गलौज की और विरोध करने पर सिर पर वार कर युवक को घायल कर दिया। घटना के बाद घायल छात्र ने अपने पिता के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बिटकुला पटवापारा निवासी सरल पाटनवार पिता मुकेश पाटनवार जो कक्षा 12वीं का छात्र है, 26 फरवरी की रात अपने दोस्तों के साथ दीपक यादव के यहां पैगवापारा में आयोजित शादी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रात करीब 11:30 बजे वह अपने मित्र आदित्य पाटनवार, रजत पाटनवार, आशीष सिदार और सागर पाटनवार के साथ मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहा था। आरोप है कि मुकेश साहू और भूपेंद्र कोराम ने पैगवापारा आम रोड पर उसकी मोटरसाइकिल को रोक लिया। जब सरल बाइक रोकने का कारण पूछा, तो दोनों आरोपी कथित रूप से शराब के नशे में थे और बाइक को आगे नहीं जाने देने की बात कहने लगे। विरोध करने पर दोनों ने अश्लील गाली-गलौच करते जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार मुकेश साहू ने हाथ में पहनी किसी वस्तु से सरल के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा। वहीं भूपेंद्र कोराम ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना के दौरान मौजूद दोस्तों ने बीच-बचाव किया। सीपत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 115 (2), 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।