Blog

शिक्षा के मंदिर में खूनकी होली,आत्मानंद स्कूल के बाहर नाबालिगों के बीच चाकूबाजी

दो नाबालिग छात्र घायल

छात्राओं की बीच झूमाझटकी

आत्मानंद स्कूल के बाहर चाकू से हमला

एक दिन पहले छात्राओं में सड़क पर मारपीट

बिलासपुर.। सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित पंडित रामदुलारे आत्मानंद स्कूल, मुक्तिधाम एक बार फिर गंभीर विवादों के कारण सुर्खियों में आ गया है। शुक्रवार शाम स्कूल की छुट्टी के बाद कक्षा नवमी और दसवीं के छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते चाकूबाजी में तब्दील हो गया, जिसमें कक्षा नवमी के दो नाबालिग छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे छुट्टी होने के बाद कक्षा नवमी और दसवीं के छात्रों के दो गुटों में कहासुनी हुई। बताया जा रहा है कि विवाद की पृष्ठभूमि में आपसी व्यक्तिगत रंजिश थी। इसी दौरान कक्षा दसवीं के कुछ छात्रों ने अपने साथियों और कुछ बाहरी युवकों को स्कूल परिसर के आसपास बुला लिया।
करीब 4:15 बजे, जब कक्षा नवमी के दोनों छात्र स्कूल से बाहर निकले, तभी पहले से मौजूद तीन से चार युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक छात्र को सीने और पीठ, जबकि दूसरे को पेट और पीठ में गंभीर चोटें आई।
घटना के दौरान स्कूल परिसर और आसपास अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने तत्काल सरकंडा थाना को जानकारी दी। इस बीच कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सामने आया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी हिरासत में

सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रों को तुरंत वाहन से अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मौके से कक्षा दसवीं के उन छात्रों को भी हिरासत में लिया, जिन पर अपने साथियों को बुलाने का आरोप है। साथ ही, अन्य संदिग्ध युवकों को भी पकड़कर थाने ले जाया गया।हालाकि आरोपियों से चाकू के संबंध में पूछताछ की जा रही है। हालांकि पकड़े गए युवक खुद को बेगुनाह बताते रहे, लेकिन घायल छात्रों की निशानदेही पर संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। मामले में जांच जारी है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छात्राओं के बीच सड़क पर मारपीट

इसी स्कूल से जुड़ी एक और हिंसक घटना एक दिन पहले सामने आई थी। गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद करीब 4:30 बजे, आत्मानंद स्कूल मुक्तिधाम के बाहर खुली सड़क पर छात्राओं के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान झूमाझटकी और पटका-पटकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।सूत्रों के अनुसार, छात्राओं के बीच विवाद की वजह आपसी निजी संबंधों को लेकर हुआ विवाद था। स्कूल से निकलने के बाद बहस ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों गुट आपस में भिड़ गए। बाद में लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया, लेकिन इसकी जानकारी अब चाकूबाजी की घटना के बाद सामने आई है।

लगातार विवादों में रहा है स्कूल

पंडित रामदुलारे आत्मानंद स्कूल, मुक्तिधाम इससे पहले भी शैक्षणिक अनुशासन, मारपीट, नकल, छात्रों पर कथित मानसिक दबाव और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा में रहा है।

लगातार गुरुवार को छात्राओं की मारपीट और शुक्रवार को छात्रों के बीच चाकूबाजी की घटनाओं ने एक बार फिर स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल सरकंडा पुलिस सभी नाबालिग छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ी-दर-कड़ी जांच की जा रही है।

स्कूल पढ़ने आए कई छात्र करते है गुंडागर्दी

सरकारी के अलावा निजी स्कूलों में भी पढ़ने वाले स्कूली छात्र गुंडागर्दी करना और अपने आपको गुंडा बनाकर पेश करने में ज्यादा अच्छा लगता है।यही कारण है कि कई स्कूल के बच्चे अपने साथ बाहरी लोगों को भी स्कूल के बाहर बुलाकर रखते है।ताकि थोड़ा सा भी विवाद हुआ तो बाहरी लोगों को बुलाकर पिटाई करवा दे।

कई स्कूलों में हो चुकी है बाहरी युवकों के प्रवेश से मारपीट

बता दे डीएवी,लोयला,सरकंडा स्कूल,और कुछ स्कूलों में घटनाएं हो चुकी है जिसमें बाहरी युवकों की दबंगई हो चुकी है।जिसके कारण
माहौल खराब हो चुका है बावजूद इसके स्कूल प्रबंधन के किसी तरह का कोई सुधार नहीं आया है।जिसके कारण कई बच्चों के अभिभावक डरे सहमे रहते है ।

वर्जन
मारपीट करने वालो से पूछताछ हो रही है।स्कूल के छात्र है।

प्रदीप आर्या
टीआई सरकंडा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *