बच्चों की सुरक्षा पर प्रशासन का बड़ा कदम…..कंडम बसों पर गिरेगी गाज, शिक्षा विभाग की सख्त चेतावनी….

स्कूल बसों में खामियां नहीं होंगी बर्दाश्त होगी कड़ी कार्रवाई….
बिलासपुर ।सड़क सुरक्षा को लेकर भारत सरकार लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में भूतल एवं सड़क परिवहन मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर पूरे देश में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों और आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है।
दरअसल पुलिस मुख्यालय के दिशा–निर्देश पर राज्य के सभी जिलों में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बिलासपुर जिले में भी इसी क्रम में एक अहम पहल की गई। बहतराई स्टेडियम परिसर में जिले की सभी स्कूल बसों का मैकेनिकल मुलाइजा कराया गया। इस दौरान बसों की तकनीकी स्थिति की बारीकी से जांच की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।जांच के दौरान बसों के ब्रेक, टायर, लाइट, हॉर्न, आपातकालीन दरवाजे सहित अन्य जरूरी तकनीकी पहलुओं को परखा गया। इसके साथ ही बस संचालक, ड्राइवर, कंडक्टर और बस में सेवा देने वाले स्टाफ का आई चेकअप और स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया, जिससे यह तय किया जा सके कि वाहन चलाने वाले पूरी तरह फिट और सतर्क हैं। वहि इस विषय पर जब जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे से बात की गई तो उन्होनें कहा कि यदि किसी स्कूल संचालक द्वारा कंडम या खराब बसों का उपयोग किया जा रहा है और इस संबंध में शिकायत मिलती है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग का साफ कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब देखना होगा कि नियमों की अनदेखी कर बच्चों की जान जोखिम में डालने वाले स्कूल संचालकों पर आगे क्या सख्त कदम उठाए जाते हैं।
वर्जन
कंडम बसों की जांच करके उसे रिजेक्ट किया जाएगा और स्कूल संचालक को नोटिस जारी करके बसों को नहीं चलाने निर्देशित किया जायेगा।
रामगोपाल करियारे
एएसपी ट्राफिक बिलासपुर
वर्जन
ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से बसों की जांच की जा रही है।कंडम बसों को रिजेक्ट करने स्कूल प्रबंधन को पत्र लिखा जाएगा।
विजय टांडे
डीईओ बिलासपुर