श्रावण के दूसरे सोमवार को गौसेवकों ने बुढ़ा महादेव में किया जलाभिषेक,
गौहत्या बंदी की कामना और गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग
बिलासपुर ।श्रावण मास के दूसरे सोमवार को गौसेवा धाम बिलासपुर के गौसेवकों ने धार्मिक उत्साह के साथ बुढ़ा महादेव मंदिर रतनपुर में जलाभिषेक कर भगवान शिव से विश्व शांति और गौहत्या बंद करने की कामना की। गौसेवकों ने कांवड़ यात्रा की तरह जल लेकर दौड़ते हुए मंदिर पहुंचकर भोलेनाथ की आराधना की।गौसेवकों ने भोलेनाथ से विशेष प्रार्थना की कि सम्पूर्ण विश्व से गौहत्या का अंत हो और गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा प्राप्त हो। इस उद्देश्य के साथ श्रद्धा, आस्था और संकल्प के साथ सभी ने “बोल बम” के जयकारों के बीच जल चढ़ाया। मंदिर परिसर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। इस पावन अवसर पर गौसेवा धाम के प्रमुख गौसेवक बड़ी संख्या में शामिल हुए। यात्रा के दौरान सभी गौसेवक अनुशासित रूप से पैदल चलकर जल लेकर मंदिर पहुंचे। उन्होंने शिवलिंग पर जल अर्पित कर भगवान से गौमाता की रक्षा और सनातन संस्कृति के संरक्षण की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं की यह टोली धार्मिक चेतना और जन जागरण का संदेश भी दे रही थी।गौसेवकों ने बताया कि उनका यह संकल्प केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना फैलाने का भी प्रयास है। आने वाले समय में वे प्रदेशभर में जागरूकता कार्यक्रम चलाकर गौमाता के संरक्षण और संवर्धन की मुहिम को मजबूत करेंगे।