Blog

सड़क ठेकेदार बीआर गोयल के ठिकाने पर आईटी की रेड

बिलासपुर पाराघाट टोल प्लाजा ऑफिस पहुंची टीम

इंदौर में डायरेक्टर के घर चल रही छापेमारी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सड़क ठेकेदार बीआर गोयल के ठिकानों पर आईटी की रेड पड़ी है। आयकर की टीम पाराघाट टोल प्लाजा स्थित में टोल ऑफिस में पहुंची है। अधिकारी 3 अलग-अलग गाड़ियों में पहुंचे हैं। दस्तावेजों की जांच के साथ ही पूछताछ कर रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक इंदौर में भी अलग-अलग ठिकानों पर छापा पड़ा है। कंपनी के सपना-संगीता रोड स्थित कार्यालय और कंपनी के डायरेक्टर के घर पर जांच चल रही है। इनकम टैक्स विभाग को कंपनी के कामकाज, बड़े पैमाने पर लेन-देन और टैक्स में गड़बड़ी से संबंधित सूचनाएं मिली थीं।

जानिए क्या है पूरा मामला

दरअसल, शुक्रवार सुबह इनकम टैक्स की टीम पहुंचीं और कार्रवाई शुरू की। इस दौरान दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की विशेष रूप से जांच की जा रही है। इनकम टैक्स विभाग को कंपनी के कामकाज, बड़े पैमाने पर लेन-देन और टैक्स में गड़बड़ी की जानकारी पर छापेमारी हुई है। जानकारी के मुताबिक यह कंपनी सड़क, राजमार्ग, पुल और इमारतों के निर्माण के साथ-साथ आरएमसी मतलब रेडी मिक्स कॉन्क्रीट की आपूर्ति, टोल कलेक्शन और आवासीय प्रोजेक्ट्स का संचालन करती है। इसके अलावा कंपनी देशभर में अलग-अलग इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में सक्रिय है। बीआर गोयल इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड इंदौर की एक प्रमुख निर्माण और इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी है। कंपनी की स्थापना 1986 में हुई थी। 2005 में यह प्राइवेट लिमिटेड बनी और बाद में पब्लिक लिमिटेड कंपनी में परिवर्तित हुई।

1 महीने पहले 45 ठिकानों पर पड़ी थी रेड

बता दें कि 4 दिसंबर 2025 को छत्तीसगढ़ में आयरन-स्टील कारोबारियों और उनसे जुड़े लोगों के 45 ठिकानों पर कार्रवाई हुई थी। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ में ये कार्रवाई 4 दिन तक चली थी। अफसरों ने 300 करोड़ से ज्यादा के टैक्स चोरी के शक में छापा मारा था। आयकर विभाग के 200 अफसर कार्रवाई में शामिल थे।

टोल प्लाजा से खुलेगा राज,आयकर विभाग अलर्ट

शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे आयकर विभाग की टीम तीन गाड़ियों में पाराघाट टोल प्लाजा स्थित टोल ऑफिस पहुंची। यहां टीम ने दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की गहन जांच शुरू की। कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और अन्य रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, साथ ही संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की गई।आयकर विभाग को सड़क निर्माण से जुड़े लेन-देन में अनियमितता की जानकारी मिली थी। इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

टोल ऑफिस में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल

छापेमारी के दौरान टोल ऑफिस में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी देखा गया।फिलहाल आयकर विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है और दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। कार्रवाई के बाद ही टैक्स गड़बड़ी की वास्तविक स्थिति साफ हो पाएगी। आयकर विभाग ने संकेत दिए हैं कि जांच के दायरे में अन्य ठिकाने भी आ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *