सड़क पर बवाल!गाड़ी खड़ी करने की बात पर दो युवकों में जमकर झगड़ा

बीच सड़क पर हुई जमकर मारपीट
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर शहर में एक बार फिर सड़क पर झगड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली सी बात पर दो पक्षों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया। बताया जा रहा है कि मगरपारा इलाके में सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई। बात इतनी बढ़ी कि एक युवक ने दूसरे पर गालियां देते हुए हमला कर दिया और बीच सड़क पर ही उसकी जमकर पिटाई कर दी।
मारपीट की यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी युवक ने बार-बार मुक्के और थप्पड़ों से युवक पर हमला किया, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाया।
जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में आए दिन पार्किंग और रास्ता रोकने को लेकर झगड़े होते रहते हैं, लेकिन इस बार मामला ज्यादा बढ़ गया।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आरोपी की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मगरपारा क्षेत्र में हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में रोष है और वे पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।