समाज कल्याण विभाग ने किया वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान,
अटल वयो अभ्युदय योजना का आयोजन
बिलासपुर। समाज कल्याण विभाग द्वारा अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आज शहर के पंडित दीनदयाल उद्यान में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे, जिनका पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं—जैसे स्वास्थ्य सहायता, सामाजिक सुरक्षा, परामर्श सेवाएं एवं पुनर्वास कार्यक्रमकी जानकारी दी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।अधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभवों से नई पीढ़ी को दिशा मिलती है। कार्यक्रम के अंत में सभी वरिष्ठजनों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।