Blog

सरगुजा के आसमान में नई सुबह: सांसद चिंतामणि महाराज के संघर्ष से शुरू हुई हवाई सेवा

अंबिकापुर -:- सरगुजा वासियों के लिए बहुप्रतीक्षित खुशखबरी सामने आई है। आगामी 30 मार्च से अंबिकापुर स्थित मां महामाया एयरपोर्ट से नई दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होने जा रही है। इस बड़ी उपलब्धि के पीछे क्षेत्र के सांसद चिंतामणि महाराज के लगातार प्रयास, दृढ़ संकल्प और लंबा संघर्ष प्रमुख रूप से सामने आया है।

सांसद चिंतामणि महाराज के संघर्ष और संकल्प की जीत

सरगुजा संभाग को हवाई सेवा से जोड़ने की मांग वर्षों से उठती रही, लेकिन कई बार शुरुआत के बाद भी सेवाएं बंद हो गईं। एयरपोर्ट के विकास और उद्घाटन के बावजूद उड़ानें ठप पड़ने से क्षेत्रवासियों में गहरी निराशा थी। ऐसे समय में सांसद चिंतामणि महाराज ने इस मुद्दे को केवल घोषणा तक सीमित नहीं रहने दिया, बल्कि लगातार केंद्र सरकार, राज्य सरकार, उड्डयन मंत्रालय और विमानन कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर इसे प्राथमिकता में रखा और निरंतर प्रयासों से इसे परिणाम तक पहुंचाया।

दिल्ली में लगातार पैरवी,बड़े स्तर पर पहल

हवाई सेवा बहाल कराने के लिए सांसद ने दिल्ली स्तर पर मजबूत पैरवी करते हुए कई महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने उड्डयन मंत्रालय के सेक्रेटरी वुमलुनमंग वुअलनाम से मुलाकात कर सरगुजा की जरूरतों को प्रमुखता से रखा, वहीं केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किन्जरापु राममोहन नायडू से सीधी चर्चा कर सेवा शुरू कराने की मांग की। इसके साथ ही मंत्रालय के सेक्रेटरी समीर कुमार सिन्हा के साथ तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पूरी प्रक्रिया को गति दी। इन निरंतर और समन्वित प्रयासों का ही परिणाम है कि आज सरगुजा को यह बड़ी सौगात मिल रही है।

एलायंस एयर चलाएगी उड़ान सेवा

अब विमानन कंपनी एलायंस एयर द्वारा इन उड़ानों का संचालन किया जाएगा। यह सेवा सप्ताह में चार दिन उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्रियों को नियमित और भरोसेमंद हवाई सुविधा मिल सकेगी।

सरगुजा क्षेत्र को होगा बड़ा लाभ

इस सेवा के शुरू होने से व्यापार और उद्योग को बड़े बाजारों तक सीधी पहुंच मिलेगी, मैनपाट में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महानगरों तक यात्रा आसान होगी और क्षेत्र में निवेश व रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। सबसे महत्वपूर्ण यह कि सरगुजा की जनता की वर्षों पुरानी उम्मीदों को अब वास्तविक उड़ान मिल सकेगी।

सरगुजा विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम

सांसद चिंतामणि महाराज के इस प्रयास को क्षेत्र में विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। यह केवल एक हवाई सेवा नहीं, बल्कि सरगुजा के सपनों, संभावनाओं और भविष्य को पंख देने वाली पहल है। लगातार संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने यह सिद्ध कर दिया है कि मजबूत नेतृत्व और सतत प्रयासों से बड़े बदलाव संभव हैं और अब सरगुजा उसी बदलाव की नई उड़ान भरने के लिए तैयार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *