साइबर अपराध पर लगाम के लिए बिलासपुर में विशेष प्रशिक्षण
रेंज स्तरीय कार्यशाला में अफसरों को किया गया टेक्निकल अपडेट
बिलासपुर।डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और विवेचना की गुणवत्ता सुधारने के लिए बिलासपुर रेंज में एक अहम पहल की गई है। बिलासपुर में रेंज स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें साइबर थाना और साइबर सेल के अधिकारियों को तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम बनाने पर जोर दिया गया।
बिलासपुर रेंज मुख्यालय में आयोजित इस कार्यशाला में रेंज के सभी जिलों से साइबर थाना और साइबर सेल के अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान साइबर अपराधों की रोकथाम, जांच में आने वाली चुनौतियों और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई।आईजी बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य साइबर एक्सपर्ट्स को जटिल मामलों की जांच में दक्ष बनाना है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के डिजिटल टूल्स और तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर अपराधियों तक तेजी से पहुंचा जा सकता है।कार्यशाला के दौरान साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और डेटा चोरी जैसे मामलों की जांच को लेकर प्रैक्टिकल सेशन भी आयोजित किए गए। अधिकारियों को केस स्टडी के माध्यम से नए-नए तरीकों की जानकारी दी गई, जिससे जांच की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके।- इस मौके पर डीआईजी बिलासपुर रजनेश सिंह, एसपी जांजगीर-चांपा विजय पाण्डेय, एएसपी मधुलिका सिंह समेत रेंज के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।पुलिस की यह पहल साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने और आम लोगों को सुरक्षित रखने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। आने वाले समय में इससे जांच और कार्रवाई दोनों में तेजी आने की उम्मीद है।