ढाबा नहीं चलने से नाराज भतीजे ने चाचा पर जादू–टोना की शंका व्यक्त कर हंसिए से की हत्या,चंद घंटों में आरोपी हुआ गिरफ्तार
जांजगीर जिले के चांपा थाना क्षेत्र में ढाबा नहीं चलने से नाराज भतीजे ने अपने चाचा के ऊपर जादू टोना करने का आरोप लगा हंसिया से गला रेत कर चाचा की हत्या कर दी। आरोपी भतीजे को पुलिस ने चंद घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया है।
जांजगीर। छत्तीसगढ़ में अंधविश्वास के चलते हत्या का एक बार फिर मामला सामने आया है। बिलासपुर में पहले युवक ने अपने बच्चों के तबीयत खराब रहने पर अपनी मां की जादू टोना करने का आरोप लगा हत्या कर दी थी। अब पड़ोसी जिले जांजगीर में भतीजे ने ढाबा नहीं चलने से नाराज होकर चाचा के ऊपर जादू टोना करने का शक कर धारदार हथियार से गला रेत कर चाचा की हत्या कर दी। आरोपी भतीजे को पुलिस ने चंद घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया है। मामला चांपा थाना क्षेत्र का है।
प्रार्थी लक्ष्मण पाल ने पुलिस को चांपा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि उसके पिता रामप्रसाद पाल (निवासी पीपल चौक, चाम्पा) घर के पास स्थित शिव मंदिर में पूजा-पाठ करते थे और अकेले रहते थे। लक्ष्मण पाल के बड़े पापा का बेटा अजीत कुमार पाल (63 वर्ष), जो कोटाडबरी स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज परिसर में ढाबा चलाते हैं, अक्सर उनके पिता रामप्रसाद पाल पर जादू-टोना करने का आरोप लगाकर कहते थे कि आपके ही जादू टोना के चलते मेरा ढाबा नहीं चल रहा है। लगातार भतीजे अजीत कुमार पाल के द्वारा चाचा राम प्रसाद पाल के साथ जादू टोने की शंका का व्यक्त कर झगड़ा किया जाता था।
21 सितम्बर की शाम करीब 7 बजे लक्ष्मण की नाबालिग बेटी किराना दुकान गई थी। तभी उसने देखा कि उसके बड़े पापा अजीत पाल, दादा रामप्रसाद पर ( अर्थात आरोपी अपने चाचा पर ) धारदार हसिया से हमला कर रहे हैं। बच्ची ने तुरंत घर आकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। जब तक परिवार मौके पर पहुंचा, तब तक रामप्रसाद पाल लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े मिले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
चंद घंटों में ही आरोपी गिरफ्तार:–
हत्या की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और एसडीओपी चाम्पा यदुमणी सिदार को तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी के निर्देश पर एडिशनल एसपी ने एसडीओपी के नेतृत्व में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता की टीम को लगाया। जब टीआई की टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी अपने घर से फरार हो गया था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर हथनेवरा चौक के पास घेराबंदी कर PIL प्लांट के पास आरोपी अजीत कुमार पाल को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी अजीत पाल ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा,लेकिन सख्ती से पूछने पर उसने हत्या करना कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसके चाचा जादू-टोना करते थे जिसकी वजह से उसका ढाबा नहीं चल रहा था और वह नुकसान में था। इसलिए उसने धारदार हंसिया से अपने चाचा की हत्या कर दी। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद कर लिया है।
आरोपी अजीत कुमार पाल पिता रामेश्वर पाल उम्र 63 वर्ष निवासी पाल मोहल्ला पीपल चौक कोटाडबरी विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।