सिम्स बनेगा स्मार्ट ई-हॉस्पिटल, इलाज होगा डिजिटल!
अब इलाज सिर्फ एक क्लिक दूर – सिम्स में शुरू हुआ ई-हॉस्पिटल सिस्टम
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्थित सिम्स अब डिजिटल युग की ओर कदम बढ़ा चुका है। लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे इस ई-हॉस्पिटल प्रोजेक्ट के तहत अस्पताल के कामकाज को पूरी तरह कंप्यूटरीकृत किया जा रहा है। फिलहाल 75 लाख रुपये की पहली किश्त मिल चुकी है और इसके जरिए ओपीडी व स्टोर विभाग में डिजिटल सेवाएं शुरू हो चुकी हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार अगले छह महीनों में अस्पताल के सभी 21 विभाग पूरी तरह से डिजिटल हो जाएंगे। इसके बाद मरीजों का पंजीकरण, पर्ची, जांच रिपोर्ट और मेडिकल हिस्ट्री सब कुछ ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। इससे स्वास्थ्य सेवाएं तेज और सुचारु होंगी। डॉक्टर भी मरीज का पूरा रिकॉर्ड एक क्लिक में देख सकेंगे, जिससे इलाज और अधिक प्रभावी होगा।
बता दें कि, यह परियोजना केंद्र सरकार की ई-हॉस्पिटल योजना के तहत चलाई जा रही है, जिसका उद्देश्य देश के सरकारी अस्पतालों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना है। इससे अस्पताल पेपरलेस बनने की दिशा में अग्रसर होगा और मरीजों को रिपोर्ट लेने के लिए घंटों लाइन में खड़े होने की आवश्यकता नहीं होगी।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक लखन सिंह का मानना है कि यह पहल डॉक्टरों, मरीजों और उनके परिजनों सभी के लिए लाभकारी सिद्ध होगी, क्योंकि इससे न केवल सुविधा बढ़ेगी बल्कि रिकॉर्ड भी लंबे समय तक सुरक्षित रहेंगे।
बनेगा सिम्स स्मार्ट अस्पताल
सिम्स के चिकित्सा अधीक्षक
डॉक्टर लखन सिंह का कहना है कि सिम्स काफी पुराना है इसके लिए राज्य सरकार के सहयोग से स्मार्ट अस्पताल बनाया जा रहा है।जिसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।