सीएम हाउस में सजी ‘आत्मनिर्भरता’ की पंगत: मुख्यमंत्री और सांसद ने लखपति दीदियों संग किया सहभोज

(रायपुर/सरगुजा)
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में शुक्रवार को आत्मनिर्भरता और सम्मान का अनोखा दृश्य देखने को मिला। प्रदेश की ‘लखपति दीदियों’ के सम्मान में आयोजित विशेष सहभोज कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सरगुजा संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं रामायण वार्ता प्रकल्प के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिंतामणि महाराज शामिल हुए।

कार्यक्रम की सबसे खास तस्वीर तब सामने आई जब वीआईपी प्रोटोकॉल को किनारे रखकर मुख्यमंत्री और सांसद स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के साथ पंगत में बैठकर भोजन करते नजर आए। इस दौरान औपचारिकताओं की जगह आत्मीय संवाद और अनुभवों की साझेदारी ने माहौल को भावुक बना दिया।

सरगुजा की दीदियों से मिलकर गदगद हुए सांसद
सहभोज के दौरान सांसद चिंतामणि महाराज ने विशेष रूप से सरगुजा संसदीय क्षेत्र से आई महिलाओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सुदूर वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर ये महिलाएं अपनी मेहनत के दम पर न केवल ‘लखपति दीदी’ बनी हैं, बल्कि अपने परिवारों की आर्थिक रीढ़ भी बन गई हैं।उन्होंने बताया कि किसी महिला ने मशरूम उत्पादन तो किसी ने कोसा शिल्प और अन्य स्वरोजगार के माध्यम से अपनी तकदीर बदली है।सांसद ने कहा,
“जब मैंने अपने क्षेत्र की दीदियों से उनकी सफलता की कहानियां सुनीं तो मन गर्व से भर गया। यह आत्मविश्वास और मेहनत ही नए भारत की असली पहचान है।

मुख्यमंत्री का विजन: सशक्त नारी, विकसित छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहां की यह पहल केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को सामाजिक प्रतिष्ठा दिलाने का एक महाअभियान है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं ने महिलाओं को घर की चारदीवारी से निकालकर उद्यमी बनाया है।
आज की नारी अब अबला नहीं, बल्कि सबला है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रही है।
उनकी सरकार का लक्ष्य हर पात्र महिला को ‘लखपति दीदी’ बनाना है। सहभोज के दौरान उन्होंने महिलाओं से सीधे संवाद करते हुए उनके काम में आने वाली दिक्कतों के बारे में पूछा और सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।