सीपत-कुली मार्ग; जर्जर सड़क पर पीडब्ल्यूडी का झूठा मलहम..ग्रामीण बोले,ओवरलोड गाड़ियों ने किया ये हाल…कब जागेगा प्रशासन?

तीन दिन पहले गड्ढे भरे’ पर हाल जस के तस..
बिलासपुर। बिलासपुर जिले को जांजगीर-चांपा और कोरबा से जोड़ने वाला बिलासपुर-कोरबा मार्ग बदहाली की हालत में है। सीपत से कुली तक करीब 11 साल पुरानी सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों की जान जोखिम में पड़ गई है। यह सड़क वर्ष 2014 में पीडब्ल्यूडी द्वारा करीब 17 लाख 60 हजार रुपये की लागत से बनाई गई थी। आज हालत इतनी खराब है कि बरसात में गड्ढों में पानी भरने से हादसे बढ़ रहे हैं। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ रविन्द्र केला का दावा है कि तीन दिन पहले गड्ढे भरे गए, लेकिन जमीनी हकीकत में गड्ढे जस के तस नजर आ रहे हैं। धनिया निवासी सरपंच दुष्यंत यादव ने बताया कि कई बार अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द मरम्मत नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन होगा।

ओवरलोड ट्रेलर और धूल से भी बढ़ी परेशानी……
ग्रामीणों के मुताबिक ओवरलोड ट्रेलर वाहनों के कारण सड़क की हालत और बिगड़ी है। बारिश न होने पर धूल उड़ती है, क्योंकि वाहनों में तारपोलिन नहीं लगाया जाता और इस पर भी प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा।

खतरनाक गड्ढों वाले स्थान……
ग्राम गुड़ी, हिंडाडीह और खाड़ा के बीच कोलवाशरी चौक, धनिया ओवरब्रिज के पास, धनिया-लूथरा मार्ग पेट्रोल टंकी के पास, कुली बस स्टैंड चौक, कुली पेट्रोल टंकी के पास।

पीडब्ल्यूडी एसडीओ रविन्द्र केला का कहना……
सीपत से कुली तक सड़क निर्माण के लिए दो महीने पहले प्रस्ताव स्वीकृति हेतु भेजा गया है। जल्द ही सड़क बनाई जाएगी।