Blog

सीपत नहर में मिली अज्ञात युवक की लाश, हादसा या कुछ और पुलिस जांच में जुटी

बिलासपुर।सीपत थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब नहर के अंदर एक अज्ञात युवक की लाश तैरती हुई दिखाई दी। घटना सीपत एनटीपीसी के मटेरियल गेट के पास से गुजरने वाली खारंग जलाशय की नहर की बताई जा रही है। बहेरा पुल के नीचे पानी में शव दिखने के बाद आसपास के ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची सीपत पुलिस ने प्रथम दृष्टया जांच में पाया कि युवक की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास है। शव करीब एक फीट गहरे पानी में औंधे मुंह पड़ा हुआ था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाश 2 से 3 दिन पुरानी बताई जा रही है। मृतक ने जींस और शर्ट पहन रखी थी, जिससे उसकी पहचान के सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी है। टीम के पहुंचने के बाद शव को नहर से बाहर निकाला गया और पंचनामा की प्रक्रिया शुरू की गई। आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों और चरवाहों से भी पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि किसी युवक के लापता होने की सूचना तो नहीं है। फिलहाल पुलिस हादसा, आत्महत्या या किसी अन्य संदिग्ध परिस्थिति सहित हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। युवक की शिनाख्त होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी युवक के लापता होने की जानकारी हो या मृतक की पहचान के संबंध में कोई सुराग मिले, तो तत्काल सीपत थाने को सूचित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *