सीपत में भीषण आग,किसान के कोठार में लगी आग..

लाखों का धान जलकर राख, 11 केवी लाइन शॉर्ट से हादसा
सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ी के चौड़ापारा में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया।
दोपहर करीब 1 बजे किसान के कोठार में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरा कोठार अपनी चपेट में ले लिया और 4 से 5 एकड़ फसल से निकला धान पूरी तरह जलकर राख हो गया। मिली जानकारी के अनुसार किसान अश्वनी साहू पिता लक्ष्मी प्रसाद साहू ग्राम गुड़ी में लगभग 10 एकड़ भूमि पर खेती करते हैं। गुरुवार को उन्होंने विष्णुभोग किस्म के धान की कटाई कर करीब 4-5 एकड़ फसल का धान अपने कोठार में रखा था। इसी बीच शुक्रवार दोपहर कोठार के ठीक पास से गुजर रही 11 केवी लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। तारों में उठी चिंगारी व लौ सीधे कोठार की करही पर गिरी और पलभर में धान में आग फैल गई। किसान अश्वनी ने बताया कि खेती से ही घर चलता है, पूरा परिवार इसी पर निर्भर है। इस आगजनी से करीब 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। किसान अश्वनी सूर्यवंशी ने शासन-प्रशासन से मांग
की है कि उनके नुकसान का आंकलन कर उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। फिलहाल सीपत पुलिस व मामले की जांच कर रही है।
*बिजली विभाग ने माना 11 केवी लाइन में खराबी से हादसा*
सीपत बिजली विभाग के जेई रंजन देवांगन ने बताया कि 11 केवी लाइन में पैनल ट्रिप नहीं आया था, जिसके कारण तीन-चार स्थानों पर कंडक्टर टूटकर गिर गया और आगजनी की स्थिति बनी। विभाग द्वारा सुधार कार्य जारी है और जल्द ही लाइन को दुरुस्त कर लिया जाएगा।
*एक और किसान के पैरावट में भी आग, दूसरे घरों के उपकरण खराब*
इस आगजनी की चपेट में गुड़ी गांव के ही किसान बऊल बिंझवार का पैरावट भी आ गया, जिसमें आग से नुकसान हुआ। इसके अलावा आसपास के घरों में टीवी और बल्ब फुंकने की भी शिकायतें सामने आई हैं