Blog

सुबह टहलने निकली दो महिलाओं की मौत,तेज रफ्तार कैम्पर वाहन चालक ने दोनों महिलाओं को जोरदार टक्कर मारा

सड़क किनारे खड़ी यात्री बस को भी टक्कर मार दी

बिलासपुर/जीपीएम/ तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला. पेंड्रा-गौरेला बायपास सड़क पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई.

मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं की सड़क हादसे में मौत
मृत महिलाओं की पहचान सुशीला वर्मा और बेला कली पंसारी के रूप में की गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों महिलाएं रोज की तरह सुबह टहलने निकली थीं. इसी दौरान तेज गति से आ रहे कैम्पर वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद अनियंत्रित कैम्पर सड़क किनारे खड़ी बस से जा टकराया।
बताया जा रहा है कि कैम्पर वाहन कोरबा से कटनी कैमूर की ओर जा रहा था. हादसे के बाद वाहन चालक लल्लू और उसका एक साथी मौके से फरार हो गए. वहीं वाहन में सवार परिचालक संदीप यादव वाहन में फंस गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला.
घटना की सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस, यातायात पुलिस एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है. मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.
फरार चालक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में पुलिस सर्च अभियान चला रही है. वहीं हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई और बायपास मार्ग पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *