Blog

सेंट्रल यूनिवर्सिटी में छात्र के संदिग्ध मौत की जांच के लिए आईपीएस के नेतृत्व में एसआईटी का गठन

बिलासपुर ।सेंट्रल यूनिवर्सिटी के तालाब में छात्र की संदिग्ध अवस्था में लाश मिली थी। परिजनों ने इसमें हत्या का आरोप लगाया है। वही छात्र संगठन भी लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। घटना की जांच के लिए एसएसपी ने आईपीएस गगन कुमार के नेतृत्व में एसआईटीका गठन किया है।


गुरू घासीदास केंद्रीय विश्व विद्यालय के छात्र की तालाब में संदिग्ध हालत में लाश मिलने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने घटना की जांच करने के लिए एसआईटी टीम बनाई है। जिसमें सिटी कोतवाली सीएसपी गगन कुमार के नेतृत्व में पूरी घटना की बारिकी से विवेचना की जाएगी, ताकि छात्र की मौत की मुख्य वजह सार्वजनिक हो जाए। फिलहाल वर्तमान में गोपनीय तरीके से जांच चल रही है। मामला कोनी थाना क्षेत्र का है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने इस प्रकरण की जांच के लिए पांच सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है, जिसका नेतृत्व सिटी कोतवाली सीएसपी गगन कुमार द्वारा किया जा रहा है। इस एसआईटी में थाना कोनी के थाना प्रभारी के साथ ही साइबर सेल व तकनीकी सेल के अधिकारी सम्मिलित हैं। टीम के गठन के बाद मर्ग की संपूर्ण जांच संगठित व वैज्ञानिक पद्धति से की जा रही है। यह जांच सीएसपी गगन कुमार के निर्देश में पारदर्शी व विधिसम्मत ढंग से की जा रही है।

कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस :–

पुलिस की जांच टीम ने मृतक छात्र के फोन की पूरी जानकारी जुटा रही है। घटना के दिन वह किसके साथ मौजूद था और तालाब तक वह कैसे पहुंचा। बताया जा रहा है कि घटना से पहले छात्र ने किसी व्यक्ति से वीडियो कॉल में बात की थी। पुलिस की टीम ने साइबर विशेषज्ञ के साथ मिलकर कॉल डिटेल खंगाल रही है। इस घटना में मृतक छात्र के परिजन ने हत्या का आरोप लगाया है। आरोप के आधार पर पुलिस की टीम जांच आगे बढ़ा रही है।

जानिए ये है पूरी घटना :–

गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के तालाब में 23 अक्टूबर को एक युवक की लाश मिली थी। मृतक की पहचान यूनिवर्सिटी के स्वामी विवेकानंद हॉस्टल में रहने वाले छात्र अर्सलान अंसारी बिहार छपरा जिले के कादीपुर गांव के निवासी के रूप में हुई है। हॉस्टल के रिकॉर्ड के अनुसर छात्र अर्सलान अंसारी 21 अक्टूबर से लापता था। वह बीएससी फिजिक्स थर्ड ईयर का स्टूडेंट था। अर्सलान के पिता अर्शद अयूब बिहार से बिलासपुर पहुंचे और कपड़ों के आधार पर बेटे की पहचान की। उन्होंने अपने बेटे की मौत के लिए यूनिवर्सिटी प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। पिता का आरोप है कि यूनिवर्सिटी के अधिकारियों की लापरवाही के कारण ही उनके बेटे की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बेटे के गायब होने की शिकायत और जानकारी देने के बावजूद किसी ने समय पर ध्यान नहीं दिया।

एनएसयूआई व एबीवीपी ने किया विरोध प्रदर्शन :–

सीयू परिसर के अंदर तालाब में छात्र की संदिग्ध रूप से लाश मिलने के बाद विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए एनएसयूआई व एबीवीपी छात्र संगठनों द्वारा जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। साथ ही मामले की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच करने की मांग की गई। दोषी जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। लेकिन अभी तक विश्व विद्यालय की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस वजह से छात्र संगठनों में भारी आक्रोश है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *