समाज के आंतरिक विवाद ने पकड़ा तूल…पूर्व डीआईजी ने एफआईआर कराई…मौजूदा अध्यक्ष ने बताया साजिश

निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर समाज के पदाधिकारी पहुंचे एसपी कार्यालय, उग्र आंदोलन की चेतावनी
बिलासपुर । बक्सर राजपूत क्षत्रिय समाज के आंतरिक विवाद ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। समाज के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष और सेवानिवृत्त डीआईजी पी.एस. ठाकुर ने मौजूदा अध्यक्ष दारा सिंह राजपूत के खिलाफ दस्तावेजों में कूट रचना और छलपूर्वक बैंक खाता खोलने को लेकर सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।एफआईआर में धारा 420 और 467 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

शिकायत में पी.एस. ठाकुर ने आरोप लगाया कि वर्ष 2012 में उनके कार्यकाल में तैयार की गई समिति की मूल नियमावली में दारा सिंह द्वारा फर्जी तरीके से हस्ताक्षर बदलकर बैंक खाता खोला गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सूचना के अधिकार के तहत दस्तावेज प्राप्त करने के बाद ही उन्हें इस कूट रचना की जानकारी मिली। एफआईआर में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि यह कार्य धोखाधड़ी की मंशा से किया गया है।वहीं दूसरी ओर, वर्तमान अध्यक्ष दारा सिंह राजपूत के समाज के समर्थकों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे समाज की छवि को धूमिल करने की सोची-समझी साजिश बताया है।उन्होंने कहा कि समाज के पुराने अध्यक्ष अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग कर झूठा केस दर्ज करवा रहे हैं ताकि समाज में हो रहे सेवा कार्यों को बाधित किया जा सके।दारा सिंह ने यह भी कहा कि उनके कार्यकाल में सभी निर्णय बायलॉज के अनुसार लिए गए हैं और किसी भी प्रकार की कूट रचना नहीं की गई है।इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर समाज के कई पदाधिकारी, सदस्य और प्रतिनिधि एसएसपी कार्यालय पहुंचे।उन्होंने एसएसपी रजनेश सिंह से मुलाकात कर मांग की कि मामले में राजनीति या व्यक्तिगत द्वेष के बजाय निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए।

समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच कर आरोप निरस्त नहीं किया गया, तो समाज जनांदोलन के लिए बाध्य होगा।एसएसपी ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन
मामले की जांच होनी चाहिए और निष्पक्ष रूप से जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई का पता चल सके।
योगेश्वर सिंह राजपूत
वर्जन
यह बक्सर राजपूत समाज के साथ एक राजनीति है। जिसकी जांच बारीकी से होना चाहिए।
केदार सिंह ठाकुर
राजपूत समाज
वर्जन
न्याय की उम्मीद लेकर आए है।इसमें बिना
आश्वासन के आंदोलन बंद नहीं किया जायेगा।जब तक इसकी पूरी तरह से जांच न हो जाए।
बिहारी प्रताप राजपूत
राजपूत समाज
वर्जन
बक्सर राजपूत समाज के लोग ज्ञापन देने पहुंचे थे।जिन्होने निष्पक्ष जांच की मांग की है।मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
रश्मित कौर चावला
डीएसपी मुख्यालय