स्थानीय युवक दिव्यांशु जायसवाल का UPSC में चयन, क्लास-1 पद पर नियुक्ति

बिलासपुर/रतनपुर। क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवक दिव्यांशु जायसवाल का संघ लोक सेवा आयोग आयोजित सिविल सेवा परीक्षा-2023 के आधार पर माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार में असिस्टेंट डायरेक्टर के क्लास-1 पद पर नियुक्ति हुई है। यह उनकी पाँचवीं प्रयास में प्राप्त उल्लेखनीय सफलता है। उनका वैकल्पिक विषय प्रबंधन था।
दिव्यांशु का शैक्षणिक एवं प्रोफेशनल सफर निरंतर उत्कृष्ट रहा है। इससे पहले उन्होंने आईआईटी रुड़की से बी.टेक में इंस्टीट्यूट मेडल प्राप्त किया तथा आईआईटी बॉम्बे से एम.टेक में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सिल्वर मेडल से सम्मानित किए गए थे। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र डेटा साइंटिस्ट के रूप में कार्यरत थे।
उन्होंने बताया कि उनके नानाजी स्वर्गीय के.एस. गमे से प्रेरित होकर उन्होंने निजी क्षेत्र से सार्वजनिक सेवा की ओर रुख किया। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माँ महामाया देवी की कृपा, माता-पिता तथा परिवार और मित्रों के अटूट सहयोग को दिया।
दिव्यांशु, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुनील जायसवाल एवं डॉ. नीलिमा जायसवाल के पुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा नगर के सरस्वती शिशु मंदिर, रतनपुर से हुई तथा आगे की पढ़ाई जवाहर नवोदय विद्यालय मल्हार, बिलासपुर से पूर्ण की।
उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है तथा युवा वर्ग के लिए वे प्रेरणा स्रोत बनकर उभरे हैं।